Saturday, March 28, 2026
spot_img
Homeउत्तराखण्ड36.50 करोड़ का बजट पेश कार पार्किंग में ठेली-रेहड़ी लगाने पर हंगामा

36.50 करोड़ का बजट पेश कार पार्किंग में ठेली-रेहड़ी लगाने पर हंगामा

नगर पालिका की बोर्ड बैठक में कार पार्किंग की जगह ठेली रेहड़ी लगवाकर पैसे वसूलने का मुद्दा गूंजा। सभासदों ने निराश्रित पशुओं और गलियों से कुत्तों से हो रही परेशानी आदि पर बातें रखी। बैठक के एजेंडे में 23 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें कई पर मुहर लगी। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नगर पालिका ने 36.50 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित आय का खाका पेश किया, जिसमें विकास कार्यों के लिए 33.36 करोड़ रुपये का व्यय प्रस्तावित है।बैठक के दौरान सभासद सचिन रस्तोगी ने कहा कि जानकी झूला (पूर्णानंद पार्किंग), रामझूला में पार्किंग ठेकेदार की ओर से वाहनों की जगह ठेली रेहड़ी लगवाकर अवैध वसूली की जा रही है। ठेली रेहड़ी वालों से एक से दो हजार रुपये तक प्रतिदिन वसूले जा रहे हैं। पार्किंग स्थल के पास ठेली रेहड़ी लगाने से जाम जैसी स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्णानंद पार्किंग में व्यवस्था ठीक न होने से पर्यटकों को परेशानी होती है।अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि पालिका क्षेत्र में जगह-जगह ठेली रेहड़ी के कारण अतिक्रमण हो रहा है। उन्होंने पालिका प्रशासन से कहा कि ठेलियों की संख्या को नियंत्रित किया जाए। पहले ठेली संचालक का पुलिस वेरिफिकेशन किया जाए। उसके बाद ही उसे ठेली लगाने की अनुमति दी जाए। नगर पालिका की ओर से ठेलियों की गिनती की जाएगी। उस आधार पर ही तह बाजारी तय की जाएगी। तहबाजारी वसूलने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

सभासद लक्ष्मण भंडारी ने कहा कि पालिका क्षेत्र में लावारिस कुत्तों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। ईओ अंकिता जोशी ने कहा कि गलियों के कुत्तों की नसंबदी करने के लिए नगर निगम देहरादून के अधिकारियों से बात की जाएगी। कुत्तों की नसबंदी के बारे में पालिका प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी 11 वार्डों में 416 कुत्ते हैं। इनमें से 302 की नसंबदी की जा चुकी है। सभासद बृजेश गिरी ने पालिका प्रशासन से नसंबदी से संबंधित दस्तावेज मांगे जो मिले नहीं।बैठक में पालतू कुत्तों को लेकर बायलॉज बनाने और कुत्तों का पंजीकरण कराने पर सहमति बनीं। पालिका क्षेत्र में प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों को पालने पर प्रतिबंध होगा। पालिकाध्यक्ष ने जल्द ही बायलॉज तैयार करने के निर्देश दिए। सभासद बबीता रमोला ने गलियों में घूम रहे निराश्रित पशुओं को शिफ्ट करने की मांग की।ईओ ने बताया कि 2019 से निकाय क्षेत्र से निराश्रित जानवरों को दून वेलफेयर सोसायटी की गोशाला में भिजवाया गया था। सोसायटी को करीब 35 लाख का भुगतान किया जाना है। इस पर सभासदों ने जांच की मांग रखी। ईओ ने बताया कि योगा पार्क में समारोह के लिए 21 हजार का शुल्क लगेगा। जिसका सभी सभासदों ने समर्थन किया। खाराश्रोत पार्किंग के समीप स्थित चार दुकानों की नीलामी किए जाने का निर्णय लिया गया।

सीमा विवाद का मुद्दा उठाया
बोर्ड बैठक के दौरान सभासद लक्ष्मण भंडारी ने नगर निगम ऋषिकेश और पालिका की सीमा विवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि चुंगी के पास करीब 15 परिवार नरेंद्रनगर विधानसभा में वोट देते हैं। इन परिवारों का वोट नगर निगम ऋषिकेश में है लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो पाया।

तहबाजारी ठेका प्रथा बंद
नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में तहबाजारी ठेका प्रथा को बंद करने निर्णय लिया गया। अब पालिका प्रशासन की ओर से तहबाजारी शुल्क स्वयं वसूला जाएगा। सभी पार्किंगों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर टेंडर करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह रहे मौजूद
सभासद मीनू, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी, दिनेश कृषाली, प्रद्युमन कृषाली, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, सीएचआई नितिन सती, जितेंद्र सिंह सजवाण, प्रकाश अवस्थी, विकास सेमवाल, संजय भंडारी, अनुज, केदार मिश्रवाण आदि उपस्थित रहे।

spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine
https://bharatnews-live.com/wp-content/uploads/2025/10/2-5.jpg





Most Popular

Recent Comments