राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) की स्नातक और परास्नातक सेमेस्टर परीक्षाएं अप्रैल में होंगी। परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडल के कुल 383 महाविद्यालयों के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्रों की तैयारी और परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जल्द ही टाइम टेबल जारी किया जाएगा। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की जा रही है। केंद्रों पर सीसीटीवी, उड़नदस्ता और विशेष पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।
विद्यार्थियों की सलाह दी है कि वह विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और अपने कॉलेज से नियमित संपर्क बनाए रखें, ताकि परीक्षा तिथि और प्रवेश पत्र संबंधी जानकारी समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सत्र 2023-24 और 2025-26 के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों की वार्षिक परीक्षाएं बहुविकल्पीय प्रश्न आधारित होंगी। इसके लिए परीक्षा फाॅर्म भरने की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
इनकी परीक्षाएं होंगी बहुविकल्पीय
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बीएससी फॉरेस्ट्री द्वितीय वर्ष (पुनः परीक्षा) सत्र 2023-24, बीएससी फॉरेस्ट्री तृतीय वर्ष (नियमित परीक्षा) सत्र 2024-25, एलएलबी द्वितीय वर्ष (पुनः परीक्षा) सत्र 2023-24, बीएएलएलबी पंचम वर्ष (नियमित) सत्र 2025-26, डीवीएड प्रथम वर्ष (पुनः परीक्षा) और पीजीडीसीपी प्रथम वर्ष (पुनः परीक्षा) की परीक्षाएं बहुविकल्पीय प्रणाली के तहत कराई जाएंगी।







