विकासनगर तहसील तिराहे को दुर्घटना की दृष्टि से अति संवेदनशील माना जाता है। उप संभागीय परिवहन विभाग की जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग ने हाल ही में तिराहे का चौड़ीकरण करने के साथ यहां पर आवश्यक सुरक्षा के उपाय किए हैं। लेकिन, इस प्रकार के तमाम उपायों पर अतिक्रमणकारी पानी फेर रहे हैं। सड़क के चौड़ा किए गए हिस्से पर रेहड़ी-ठेली और वाहनों की पार्किंग बन गई है। इससे तिराहे की स्थिति फिर खराब हो गई है। विकासनगर तहसील का मुख्यालय हरबर्टपुर लेहमन मसीही अस्पताल के पुल से सटा हुआ है। तहसील तिराहे से गुजरने वाले दिल्ली-यमनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से तहसील मुख्यालय और लेहमन मसीही अस्पताल के लिए रास्ता जाता है। तहसील, अस्पताल व राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण यह क्षेत्र दुर्घटना की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है।
हाल के दिनों में लोक निर्माण विभाग ने तिराहे पर सड़क के एक हिस्से को चौड़ा किया है। इसके लिए सड़क के साथ बहने वाली सिंचाई नहर को अंडरग्राउंड करने के साथ यहां पहले से बने यात्री शेड को तोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। लोक निर्माण विभाग की इस कवायद पर अतिक्रमणकारियों ने पानी फेर दिया है। सड़क के बढ़ाए गए हिस्से पर रेहड़ी-ठेली वालों ने कब्जा जमा लिया है। इसके अलावा तहसील आने वाले वाहन चालक भी अपने वाहन इसी सड़क पर पार्क कर रहे हैं। इससे समस्या पहले से भी अधिक बढ़ गई है। ह्युमन राइट एंड आरटीआई एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा, अधिवक्ता सुशील कुमार, जगपाल सिंह का कहना है कि प्रशासन को तिराहे से इस प्रकार के अतिक्रमण को हटाना चाहिए। यदि इस प्रकार की समस्या न हो तो तहसील तिराहा आवाजाही करने वालों के लिए काफी सुविधाजनक हो जाएगा। उधर, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मौके का निरीक्षण करके अतिक्रमण व अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।