डेक्कन वैली में नितिन देव हत्याकांड के फरार शूटर विक्की यादव को मुनि की रेती पुलिस ने बलिया (यूपी) से गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फरार शूटर पर आईजी गढ़वाल ने 50 हजार का इनाम भी घोषित किया था।बीते 7 मई को डेक्कन वैली सोसाइटी, तपोवन में दो युवक एक व्यक्ति को गोली मार स्कूटी से फरार हो गए थे। मृतक की पहचान नितिन देव पुत्र देवराज, निवासी फ्लैट संख्या 403, ब्लॉक-04, डेक्कन वैली के रूप में हुई थी। नितिन देव यहां 10–12 वर्षों से रह रहा था। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ था कि मृतक नितिन देव और उसके पड़ोसी विपिन नैय्यर के बीच पूर्व से कई मामलों को लेकर रंजिश चली आ रही थी।विपिन नैय्यर ने नितिन के कैफे एवं रिजॉर्ट की शिकायतें पुलिस, वन विभाग, एमडीडीए एवं एनजीटी में की थीं। कैफे को सील किया गया था।
विपिन नैय्यर के खिलाफ सितंबर 2024 में ऋषिकेश कोतवाली में पॉक्सो के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था, जिसमें नितिन ने गवाही दी थी।जनवरी 2025 में जमानत पर रिहा होने के बाद वह नितिन देव से बदला लेने की फिराक में था। जमानत पर छूटने के बाद विपिन दो शूटरों से नितिन देव की हत्या कराई थी। शूटर उपलब्ध कराने में विपिन का सहयोग रामवीर और बिमलेश ने किया था। मुख्य साजिशकर्ता विपिन नैय्यर व एक शूटर प्रकाश पांडे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।मृतक नितिन के पिता देवराज पुत्र नारायण देव की शिकायत पर मुनि की रेती पुलिस ने हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज किया था। एसएसआई योगेश पांडेय ने बताया कि दूसरे शूटर विक्की यादव (27) को शनिवार को उसके घर ग्राम हल्दी, थाना हल्दी, जनपद बलिया से गिरफ्तार किया गया है।
कैसे रची थी हत्या की साजिश
पॉक्सो के तहत दुष्कर्म के मामले में देहरादून जेल में रहते हुए विपिन नैय्यर की कुख्यात अपराधी रामवीर सिंह निवासी कासमपुर भूमा, थाना मीरापुर, जनपद मुजफ्फरनगर (यूपी) से दोस्ती हो गई थी तथा उसका रामवीर के घर आना-जाना भी रहा। रामवीर ने विपिन का संपर्क बिमलेश निवासी ग्राम सरना, थाना शाहपुर, जिला आरा (भोजपुर), बिहार से कराया था। बिमलेश ने ही दो शूटरों प्रकाश पांडेय व विक्की यादव की व्यवस्था की थी।इन दोनों को फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर डैक्क वैली सोसाइटी में नितिन के पड़ोस में फ्लैट संख्या 101, ब्लॉक-04 में किराये पर ठहराया गया। शूटरों ने नितिन की कई दिनों तक लगातार रेकी की। प्रकाश व विक्की ने 7 मई रात को घर के दरवाजे के सामने ही पिस्टल से चार फायर कर नितिन देव की हत्या कर दी और स्कूटी से फरार हो गए।
कब किसे किया गिरफ्तार
16 मई को पुलिस ने बिमलेश उर्फ विकास पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम सरना, थाना शाहपुर, जिला आरा (भोजपुर), बिहार को गिरफ्तार किया था। जबकि रामवीर और विपिन पहले से ही देहरादून जेल में थे। प्रकाश पांडे भी थाना रेवती के गैंगस्टर मामले में मऊ जेल बंद था। जिसे बी वारंट पर 5 अगस्त को टिहरी कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे टिहरी जिला जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब मामले के सभी आरोपी जेल में हैं।







