हल्द्वानी शहर की सड़कों पर शाम ढलते ही कानून का खौफ हवा हो रहा है। पुलिस चौकियों से महज कुछ दूरी पर स्थित फास्ट फूड के ठेलों और ढाबे शराबियों के अड्डे बन चुके हैं। बैखोफ होकर मदिरा के जाम छलका रहे शराबी राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। वहीं दुकानदार भी पुलिस प्रशासन की अनदेखी का फायदा उठा रहे हैं। अमर उजाला के कैमरामैन और संवाद न्यूज एजेंसी के संवाददाताओं की ओर से हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में खुलेआम पीने और पिलाने वालों की पड़ताल की गई।इसमें सबसे अधिक खराब स्थिति तिकोनिया के समीप वर्कशॉप लाइन की है। जहां मौजूद 10 से 15 ठेलों पर लोग खुलेआम शराब पी रहे हैं। हल्द्वानी के व्यस्ततम इलाकों में शुमार ट्रांसपोर्ट नगर, मंडी बाईपास, सिंधी चौराहा और जज फार्म स्थित क्रियाशाला सहित आदि क्षेत्रों में सांझ होते ही अराजकता का माहौल बन रहा है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस की गश्त के दावों के बावजूद इन दुकानों पर बेखौफ होकर शराब पिलाई जा रही है।
केस 1-स्थान : गल्ला मंडी : समय : 8:39 बजे रात
नवीन मंडी के बरेली-रामपुर रोड बाईपास स्थित मुख्य गेट के अंदर बने आर्मी कैंप स्थल पर एक बल्ब की रोशनी में दो युवक शराब के साथ सिगरेट के कश लगाते दिखे। जहां से करीब 100 मीटर की दूरी पर बुधवार रात दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
केस 2-स्थान : टीपीनगर : समय : 8:40 बजे रात
देवलचौड़ स्थित पुलिस चौकी के पीछे यातायात नगर के भीतर बने ढाबों में शराबियों को महफिल सजी दिखी। जहां बैखोफ दुकानदार चखना और पानी उपलब्ध करा रहे थे।
केस 3-स्थान : जज फार्म स्थित क्रियाशाला के समीप : समय : 9:04 बजे रात
यहां फुटपाथ पर कब्जा जमाए फार्ट फूड के बंद ठेलों की आड़ में अधेरे के बीच करीब पांच-छह युवा अलग-अलग ग्रुप बनाकर शराब पीते दिखे।
केस 4-स्थान : वर्कशाॅप लाइन, तिकोनिया : समय : 9:37 बजे रात
चौराहे से करीब 100 मीटर नीचे तक फुटपाथ पर सजे करीब 10-15 ठेलों पर दर्जनों लोग ग्रुप में अलग-अलग ठेलों पर शराब पी रहे थे। जहां ठेले वाले उन्हें चिकन और मछली के पैकोड़े उपलब्ध करा रहे थे। इस दौरान चौराहे पर आरटीओ के जवान वाहनों के चालन काट रहे थे।
केस 5-स्थान : सिंधी चौराहा : समय : 10:02 बजे रात
चौराहे से महज चंद कदमों की दूरी पर बंद दुकान के बाहर दो युवक खुलेआम शराब पीते हुए ठहाके लगाते नजर आए। हैरानी की बात यह है कि लोगों की आवाजाही और लाइट के उजाले में शराब पी रहे युवाओं को पुलिस का कोई डर नजर नहीं आया।
दोहरे हत्याकांड से भी नहीं लिया सबक
मंडी परिसर स्थित गल्ला मंडी में बुधवार रात हुए हत्याकांड स्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर बने आर्मी कैंप स्थल पर शराबी शराब पी रहे थे। इस दौरान घटना स्थल पर दो पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात दिखे। बृहस्पतिवार को उत्तराखंड कृषि उत्पादन विवरण बोर्ड के अध्यक्ष ने मंडी सचिव को गश्त बढ़ाने के आदेश दिए थे। लेकिन आदेश के महज कुछ घंटे बाद अराजकता खुलकर सामने आ रही है।
खाकी की सुस्ती से अपराध को दावत
हैरानी की बात यह है कि डेढ़ घंटे की पड़ताल के दौरान जिन संवेदनशील स्थानों पर शाम होते ही शराबियों की महफिलें सजती हैं, वहां पुलिस का एक भी सिपाही नजर नहीं आए। इस क्षेत्रों में पुलिस की गश्त के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं। पुलिस की खामोशी और अनुपस्थिति अराजक तत्वों को खुला संरक्षण देने का काम कर रही है।
इन स्थानों पर बिक रही खुलेआम शराब
लामाचौड़ में फतेहपुर के पास मुख्य चौराहे से बसानी जाने वाले मार्ग के पास चोरीछिपे कच्ची शराब बिकती है। चारधाम मंदिर मार्ग के पास सड़क किनारे बने कच्चे मकानों में खुलेआम आसानी से कच्ची शराब उपलब्ध हो रही है। राजपुरा में पुलिस चौकी के आस-पास सात-आठ लोगों का अवैध शराब का कारोबार फलफूल रहा है। बरेली रोड पर मंडी के पास दोपहिया वाहनों से होम डिलीवरी से सुविधा के साथ ही एक जनरल स्टोर में आसानी से अंग्रेजी और देशी मदिरा उपलब्ध हो जाती है। विठोरिया नंबर एक स्थित नारायण नगर क्षेत्र में भी अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। खुलेआम शराब पिलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस इसमें कोताही बरतेगी तो संबंधित थाना इंचार्ज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। – मनोज कत्याल, एसपी सिटी







