विकासखंड मुख्यालय में आयोजित बीडीसी बैठक में पेयजल किल्लत का मुद्दा छाया रहा। बैठक में क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों ने बुकंडी विंध्यवासिनी मोटर मार्ग के मरम्मत की मांग की। क्षतिग्रस्त धारकोट तिमल्याणी मोटर मार्ग के दो साल बाद भी मरम्मत न होने का मुद्दा उठाया। प्रधानों ने मनरेगा कार्य में निर्माण सामग्री का पैसा दो साल बाद भी न मिलने की शिकायत की।शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे से बैठक आयोजित की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य बिनक आशीष कंडवाल ने बताया कि फल्दाकोट पंपिंग योजना से पोषित गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही पा रही है। उन्होंने पातली गांव में स्थित टैंक में पंप ऑपरेटर तैनात करने की मांग उठाई।ग्राम प्रधान किमसार दीपक बिष्ट ने बताया कि रणचुला पेयजल योजना से 15 दिनों से आपूर्ति ठप है। ग्राम प्रधान नैल अजय रावत ने कहा कि कोटा में कार्यरत पंप ऑपरेटरों का मानदेय हर वर्ष घटाया जा रहा है।
जिला पंचायत सदस्य बच्चन बिष्ट ने कौड़िया किमसार मोटर मार्ग पर चल रहे सुदृढ़ीकरण के कार्य को समय पर पूरा करवाने की मांग की। कांडाखाल-ताल-खैराणा मोटर मार्ग और जुलेडी धारकोट मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग की।ग्राम प्रधान अमोला सोहनलाल अमोली ने बताया कि धारकोट तिमल्याणी मोटर मार्ग का हिस्सा 2024 की आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुआ था। दो साल बाद भी मरम्मत नहीं हो पाई। बुकंडी विंध्यवासिनी मोटर मार्ग भूस्खलन के कारण जर्जर बना हुआ है।क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरी मल्ली भगत सिंह ने भृगुखाल-तिमल्याणी मोटर मार्ग का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम प्रधान झैड़ मनवर नेगी बताया कि मोहनचट्टी, बिजनी के मध्य उप खनिज से लदे डंपर संचालित हो रहे है। ओवरलोड डंपर के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है।
सड़क से जनरेटर हटाएं
ग्राम प्रधानों ने कहा कि मोहनचट्टी क्षेत्र में रिजॉर्ट होटल संचालकों की ओर से सड़क किनारे कई जगह पर जनरेटर रखे गए हैं। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित होने के साथ ही अतिक्रमण हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से सड़क किनारे रखे जनरेटर हटाने की मांग की है।
साहब दो साल हो गए नहीं हुआ मनरेगा का भुगतान
ग्राम प्रधान सोहनलाल अमोली ने कहा कि मनरेगा कार्यों में मजदूरी का भुगतान तो समय से हो जाता है, लेकिन सामग्री का भुगतान मिलने में लंबा समय लग रहा है। कई कार्यों में तो सामग्री का भुगतान होने में दो साल से अधिक समय लग रहा है। खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल ने कहा कि केंद्र से पैसा मिलते ही मनरेगा सामग्री का भुगतान करवाया जाएगा।
बैठक में यह रहे उपस्थित
खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, जिला पंचायत सदस्य उमरोली बच्चन बिष्ट, कविता डबराल, गीता देवी, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश रावत, पूरन नेगी, हिमांशु त्यागी, विजयपाल नेगी, अनुज चौहान आदि।







