विकासनगर/रुद्रपुर: देहरादून जिले के सहसपुर थाना क्षेत्र में बीते दिन 10 साल का नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां ने इस मामले को लेकर सहसपुर थाने में तहरीर दी थी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और 22 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.पीड़िता की मां की शिकायत के अनुसार उसकी 10 साल की नाबालिग बेटी को पहले आरोपी ने घराट के अंदर बुलाया और फिर उसके साथ रेप किया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 मे केस दर्ज किया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सहसपुर कोतवाली में पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया.
कोतवाली सहसपुर के एसएचओ शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटना वाले दिन ही आरोपी बलजीत सिंह 65 साल निवासी इंद्रीपुर को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.रुद्रपुर में 12 साल की बच्ची से 13 दिनों से लापता: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से 12 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा कि बच्ची बीते 13 दिनों से लापता है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
गुमशुदा बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी 12 साल की बेटी 10 मार्च शाम को शाम को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी.
परिजनों के अनुसार घर से जाने के बाद से अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है. परिवार ने अपने स्तर पर सभी संभावित स्थानों, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. बेटी के अचानक लापता हो जाने से परिवार बेहद चिंतित और परेशान है.मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस टीम सक्रिय रूप से बच्ची की तलाश में जुटी हुई है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बालिका के आने-जाने के संभावित रास्तों का पता लगाया जा सके.पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि बालिका को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके. वहीं, पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को इस बालिका के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करें.







