अल्मोड़ा के फलसीमा आईटीआई में नए शिक्षा सत्र में मैकेनिक डीजल और प्लंबर ट्रेडों में एक अतिरिक्त यूनिट संचालित की जाएगी। युवाओं की इन ट्रेडों में बढ़ती रुचि को देखते हुए संस्थान प्रबंधन के इसका प्रस्ताव नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एनसीवीटी) को भेजा। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर अब विद्यार्थियों को इन ट्रेड में प्रवेश पाने को संघर्ष नहीं करना पड़ेगा। जिले के फलसीमा आईटीआई में अल्मोड़ा सहित पिथौरागढ़, बागेश्वर के करीब 500 विद्यार्थी भी तकनीकी शिक्षा का ज्ञान ले रहे हैं। संस्थान में आशुलिपि हिंदी, अंग्रेजी, डीजल मैकेनिक, प्लंबर, स्वीइंग टैक्नोलोजी, बैल्डर, फिटर, टर्नर, मशीनिष्ट, वायरमैन, मैकेनिक इलैक्ट्रानिक्स, मैकेनिक मोटर व्हीकल, सर्वेयर ट्रेड संचालित होते हैं।
वर्तमान में मैकेनिक डीजल और प्लंबर ट्रेड में युवाओं की लगातार रुचि बढ़ रही है। इससे देखते हुए संस्थान प्रबंधन की पहल पर इन ट्रेड की अतिरिक्त यूनिट का प्रस्ताव एनसीवीटी को भेजा गया। जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। नए शिक्षा सत्र से दोनों ट्रेड में 24 की जगह 48 सीट उपलब्ध होंगी। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए इन ट्रेड में प्रवेश पाना आसान होगा।नए शिक्षा सत्र से संस्थान में मैकेनिक डीजल और प्लंबर ट्रेड की अतिरिक्त यूनिट संचालित की जाएंगी। इससे सीधा लाभ इन ट्रेड में प्रवेश पाने के इच्छुक विद्यार्थियों को मिलेगा। युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा मिले इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।- उदय राज सिंह, प्रधानाचार्य, फलसीमा आईटीआई अल्मोड़ा







