देहरादून: उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई संपर्क को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है. केंद्र सरकार की संशोधित उड़ान योजना (UDAN Scheme) के तहत अब पहाड़ों में हवाई सफर और अधिक सुगम होने जा रहा है. उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद ने संसद में उठाए गए सवाल के जवाब में नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उत्तराखंड में एक दर्जन हेलीपोर्ट से आरसीएस उड़ानें शुरू हो चुकी हैं. मंत्री ने जानकारी दी कि पिथौरागढ़ और पंतनगर (उधम सिंह नगर) हवाई अड्डा के साथ-साथ सहस्त्रधारा (देहरादून), चिन्यालीसौर (उत्तरकाशी), गौचर (चमोली), नई टिहरी, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, श्रीनगर, मुनस्यारी, बागेश्वर और चंपावत में हेलीपोर्ट से नियमित उड़ानों का संचालन आरंभ हो चुका है.उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में जहां पर्यटन के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है, वहां हेलीकॉप्टर सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. केंद्र सरकार ने संशोधित योजना के तहत अगले 10 वर्षों में 4 करोड़ यात्रियों को हवाई सेवा देने का लक्ष्य रखा है. इसके साथ ही देशभर में 120 नए गंतव्यों को जोड़कर क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत किया जाएगा.
इस योजना के अंतर्गत पर्वतीय, आकांक्षी और पूर्वोत्तर राज्यों में छोटे हवाई अड्डों और हेलीपैड को भी विशेष सहायता दी जाएगी. उत्तराखंड के दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आपदा के समय राहत और बचाव कार्य भी तेज़ और प्रभावी हो सकेंगे.भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) उड़ान योजना के तहत उत्तराखंड में तमाम रूटों पर हेली सेवाओं का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए जल्द ही हेली सेवा भी शुरू होने जा रही है. इसको लेकर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी भी दी थी. भेजे गए पत्र के अनुसार देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ान सेवा जल्द शुरू हो सकती है.







