महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में नगर में आयोजित शिव बरात में कलाकारों ने धार्मिक प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।शुक्रवार को ऋषिकेश रोड स्थित गोवर्धन बालापुरी मंदिर समिति की ओर से नगर में शिव बरात आयोजित की गई । गोवर्धन मंदिर परिसर से ढोल नगाड़ों और बैंड बाजों के साथ काफी संख्या में श्रद्धालु चले। शिव बरात केशवपुरी, राजीवनगर, मिल चौक, नगर चौक डोईवाला से होते हुए मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शिव बरात को देखकर शहर के लोग बम-बम भोले के जयकारे लगा रहे थे। शिव बरात में राधा-कृष्ण, शिवलिंग, भगवान हनुमान आदि झांकियां लोगों को आकर्षित करती रही। शिव बरात में भूत-प्रेतों का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य पुजारी निजानंद पुरी ने कहा कि महाशिवरात्रि हिंदू संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है।युवा सेवा मण्डल के यश सोनकर ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान होंगे। शिव बरात में अनिल कुमार, अजय कौशल, मनोज शर्मा, राजू चौहान, सुरेशचंद, अर्जुन, जोगेन्द्र कुमार, नीरज , सुनील चौधरी, कुलजीत सिंह आदि मौजूद रहे।







