हल्द्वानी। गणेश चतुर्थी बुधवार को मनाई जाएगी। गणपति की प्रतिमा की स्थापना के लिए शहर में विभिन्न जगहों पर पंडाल सज गए हैं। अगले 10 दिन तक लोग घरों में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना और पूजन करेंगे। शहर में रामलीला मैदान, पटेल चौक, बरेली रोड पर हिमालया फार्म और प्राचीन शिव सेवा समिति के अलावा मुखानी, राजपुरा, रेलवे बाजार आदि जगहों पर गणेश जी के लिए पंडाल सजाने का काम शुरू हो गया है। इधर मंगलवार को वैश्य महासभा के पदाधिकारियों ने गणेश महोत्सव के संबंध में पत्रकार वार्ता की। बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गणेश जी की मिट्टी की मूर्ति ही स्थापित की जाएगी। अध्यक्ष राम बाबू जायसवाल और महामंत्री तनुज गुप्ता ने बताया कि 2004 में पहली बार गणेश महोत्सव की शुरुआत की थी। हर दिन सुबह पूजन और शाम पांच बजे प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रात्रि महाआरती के बाद 8:30 बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा। दो सितंबर को विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा और इसके बाद शोभायात्रा निकलेगी। इस दौरान राजेंद्र अग्रवाल, बद्री प्रसाद, सुशील अग्रवाल, अशोक वाष्णेय, श्रीकांत खंडेलवाल, बिंदेश गुप्ता, भगवान सहाय आदि मौजूद रहे।
सात से अधिक पंडालों में विराजेंगे बप्पा गणेश चतुर्थी आज
RELATED ARTICLES