नैनीताल जिले के भवाली में किशोरी के दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजे गए दूसरे समुदाय के युवक के अवैध मकान पर कार्रवाई और भवाली में बदल रही डेमोग्राफी के विरोध में सोमवार को भाजपाइयों ने पालिका दफ्तर पर प्रदर्शन किया।एक सभासद दूसरे समुदाय के लोगों को टम्ट्यूड़ा, रेहड़ क्षेत्र में बसाने का काम कर रहा है। पालिका ने इस मामले में 15 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजने का आश्वासन दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट ने कहा कि रेहड़, टमट्यूड़ा और श्यामखेत क्षेत्र में डेमोग्राफी तेजी से बदल रही है। मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, बहेड़ी से आकर लोग बिना सत्यापन यहां बस रहे हैं। पालिका की अनदेखी के चलते सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा हो रहा है।
भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट, प्रकाश आर्य ने कहा कि लव जिहाद, लैंड जिहाद से शहर का माहौल खराब हो रहा है। बिना पालिका की एनओसी के मकान बनाकर लोग रह रहे हैं। मगर पालिका कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।प्रशासन, प्राधिकरण और नगर पालिका अधिकारियों को नजूल भूमि पर अवैध रूप से बने मकानों की जांच करनी चाहिए। महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि भवाली की डेमोग्राफी लगातार बदल रही है और क्षेत्र विशेष में दूसरे समुदाय के बाहरी लोग बसाए जा रहे हैं।
नोटिस भेजकर दस्तावेज मांगे
नगर पालिका ईओ सुधीर कुमार ने कहा कि पालिका कमेटी बनाकर 15 दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को भेजेगी। अवैध रूप से रहने वाले लोगों को नोटिस भेजकर दस्तावेज मांगे गए हैं। दस्तावेज नहीं देने पर प्रशासन की मदद से आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शिवांशु जोशी, अमित पांडे, शुभम कुमार, हिमांशु रावत, वैभव आनंद, उज्ज्वल चंद्र, कंचन साह, आयुष समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







