नैनीताल। मूसलाधार बारिश से नैनीझील का जलस्तर 87.2 फुट पहुंच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सिंचाई विभाग ने सोमवार को झील के दोनों निकासी गेटों को चार-चार इंच खोल दिया है। नैनीताल में बीते एक सप्ताह से बारिश हो रही है। रविवार देर रात नगर में मूसलाधार बारिश होने से झील का जलस्तर बढ़ गया। सुरक्षा की दृष्टि से सिंचाई विभाग ने सोमवार सुबह आपदा नियंत्रण कक्ष को झील के निकासी गेट खोलने की सूचना दी। इस पर विभाग ने दोनों गेट से दो इंच पानी की निकासी की। निकासी के साथ ही विभाग ने हरिनगर, धोबीघाट, वीरभट्टी के क्षेत्रवासियों को गेट खोलने की जानकारी प्रसारित की। पुलिस ने मुनादी कर नाले से दूर रहने की अपील की। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता डीडी सती ने बताया कि सोमवार को झील का जलस्तर 87.2 फुट पहुंचने पर झील के निकासी गेट दो-दो इंच खोले गए। शाम को दोनों गेटों से निकासी बढ़ाकर चार-चार इंच कर दी गई। झील का जलस्तर 87 फुट आने तक पानी की निकासी की जाएगी। वहीं, नैनीताल में बीते वर्ष बरसात के चलते 27 जुलाई को झील का जलस्तर 87 फुट पहुंचने पर पानी की निकासी की गई थी।
नैनीझील का जलस्तर बढ़ने पर दोनों निकासी गेट खोले
RELATED ARTICLES