जसपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जसपुर की समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली निकाली। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। रैली से पहले पृथ्वीराज चौहान चौक पर सभा का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी कानून व्यवस्था नहीं है। हत्या, लूट, बलात्कार जैसे जघन्य अपराध बढ़ रहे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक आपदा से आम जनता का बुरा हाल है लेकिन भाजपा सरकार, उसके मंत्री और विधायक चुप्पी साधे हुए हैं।
कहा कि सरकार आम जनता के धन की खुलेआम बंदरबांट कर रही है। संचालन नगर अध्यक्ष मो. इख्तियार एवं ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने किया। सभा को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और विधायक आदेश सिंह चौहान ने संबोधित किया। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में झंडे और बैनर लिए मुख्य मार्ग से होते हुए सुभाष चौक पहुंचे। यहां राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम चतर सिंह चौहान को सौंपा। इस दौरान जिपं सदस्य नईम अहमद, आबिद हुसैन नूरी, सुभाष शर्मा, हकीम जफर अली, सुखदेव सिंह, मुईनुद्दीन, हिमांशु नंबरदार, अपूर्व चौहान आदि सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।