हल्द्वानी। हर दिन पांच से सात लाख नुकसान झेल रहा रोडवेज सवारी नहीं मिलने के कारण अब दिल्ली की सेवा भी निरस्त कर रहा है। शुक्रवार को भी यात्री न मिलने की वजह से दिल्ली की सात बसें निरस्त करनी पड़ गईं। बृहस्पतिवार को भी इतनी ही बसों को निरस्त किया गया था।दिल्ली के लिए रोडवेज 25 से 27 बसों का संचालन करता है। पिछले माह यात्री कम होने से अनुबंधित बसों में से पचास प्रतिशत की सेवा रोक दी गई। ऐसे में 15 से 16 बसें चलने लगीं। अब इन बसों को भी यात्री नहीं मिल रहे हैं। शुक्रवार को किसी बस में तीन तो किसी ने चार सवारियां थीं। ऐसे में सात बसों को निरस्त करना पड़ा। यही स्थिति बृहस्पतिवार को भी थी। वरिष्ठ स्टेशन इंचार्ज इंदिरा भट्ट ने कहा कि सात बसों को निरस्त करना पड़ा। यात्री नहीं मिल रहे हैं। दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा दिक्कत है।
दशहरा के लिए 17 बसें चलने में भी संशय
दशहरे के लिए रोडवेज ने अपनी 17 बसें तैयार रखी हैं। सवारी मिलने पर इनका संचालन किया जाना है। विभाग के अनुसार दशहरा पर दिल्ली से पहाड़ आने वाले तमाम लोगों को सवारी की जरूरत होती है। हालांकि हाल में यात्री को लेकर जो स्थिति है वह विभाग के परेशानी का कारण है। ऐसे में इन बसों के चलने पर भी संशय बना है।







