Wednesday, March 25, 2026
spot_img
Homeउत्तराखण्डचेहरे और शरीर पर आए गहरे घाव लोहाघाट में वनकर्मियों के सामने...

चेहरे और शरीर पर आए गहरे घाव लोहाघाट में वनकर्मियों के सामने सिक्किम के युवक पर गुलदार ने किया हमला

चंपावत: लोहाघाट ब्लॉक के पंचेश्वर इलाके में एक बार फिर गुलदार का हमला देखने को मिला है. जहां गुलदार ने टूरिस्ट कैंप में सिक्किम के एक व्यक्ति पर हमला कर दिया. जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया. गनीमत रही कि शोर मचाने पर गुलदार उसे छोड़कर भाग गया. नहीं तो उसकी जान जा सकती थी. फिलहाल, घायल को उप जिला अस्पताल लोहाघाट से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.पिछले तीन दिनों के भीतर लोहाघाट विकासखंड में गुलदार के हमले की दूसरी घटना है. जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. यह मामला पंचेश्वर के काली नदी किनारे बने टूरिस्ट कैंप का है. मंगलवार शाम करीब 4 बजे के आसपास गुलदार ने हमला कर सिक्किम से आए इयान नाम के व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमला वन विभाग की टीम के सामने ही हुआ.दोपहर से ही घूम रहा था गुलदार: दिल्ली निवासी रीवर ट्रेल कैंप के स्वामी डेनियल और कैंप में कार्य करने वाले स्थानीय युवा दीपक सामंत व महेश भट्ट ने बताया कि दोपहर से ही गुलदार उनके कैंप के आसपास मंडरा रहा था. दोपहर 1 बजे के आसपास गुलदार ने पुल्ला क्षेत्र से शवदाह करने आए लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया. शोर मचाने पर गुलदार उनके कैंप की ओर आ गया.

वनकर्मियों के सामने ही सिक्किम निवासी इयान पर किया हमला: गुलदार ने उनके कुछ कैंपों को नुकसान भी पहुंचाया. शोर मचाने पर गुलदार फिर से वहां से भाग निकला. उन्होंने बताया उसके बाद गुलदार चुपचाप जाकर उनके कैंप में बने एक शौचालय में छुप गया. गुलदार की सूचना उन्होंने वन विभाग को दे दी थी. जिसके बाद रेंजर समेत वनकर्मी मौके पर पहुंचे, जो कैंप के पास बैठे हुए थे.इसी बीच सिक्किम निवासी इयान जो कैंप में कार्य करते थे. वो कैंप के भीतर बने शौचालय में जाने लगा. तभी पहले से ही छुपे हुए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए. दीपक सामंत ने बताया सभी लोगों के शोर मचाने पर गुलदार इयान को छोड़ वहां से भाग निकला. इसके बाद कैंप स्वामी डेनियल अपने वाहन से घायल इयान को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाए.

चेहरे और शरीर के बाकी हिस्सों पर दांव व पंजों के निशान: चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी के नेतृत्व में डॉक्टर दिव्यांशी समेत अन्य चिकित्सा कर्मियों ने द्वारा घायल इयान का उपचार किया. डॉ. राठी ने बताया घायल की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उनके शरीर व चेहरे पर गुलदार के दांत व पंजों के काफी निशान हैं.

चंपावत जिला अस्पताल रेफर: उन्होंने कहा कि प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल को जरूरी जांचों व उपचार के लिए चंपावत जिला अस्पताल भेज दिया गया है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है. कैंप स्वामी डेनियल, दीपक सामंत, महेश भट्ट व अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा मुहैया कराने और जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है.

सामान्य गुलदारों जैसी नहीं है इस गुलदार की हरकत: डेनियल ने बताया यह काफी बड़ा गुलदार है. इसकी हरकतें भी सामान्य गुलदारों जैसी नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि शायद गुलदार को यहां छोड़ा गया है. अगर जल्द गुलदार को पकड़ा नहीं गया तो वो क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों व स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.वन विभाग की टीम घटनास्थल पर मौजूद है. घायल को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है और गश्त बढ़ाई जा रही है.”- एनडी पांडे, रेंजर, लोहाघाट

डगला में गुलदार ने एक महिला पर किया था हमला: स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले भी डगला में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया था. आज तीन दिन के भीतर यह दूसरी घटना हो गई है. लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है.

spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine
https://bharatnews-live.com/wp-content/uploads/2025/10/2-5.jpg





Most Popular

Recent Comments