लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता और प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने गुरुवार सुबह ही पार्टी से इस्तीफा दिया और फिर दोपहर में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। गौरव वल्लभ के अलावा कांग्रेस की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने भी पार्टी महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
गौरव वल्लभ ने यह कहते हुए कांग्रेस से इस्तीफा दिया कि वह सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकते और ‘वेल्थ क्रिएटर्स’ को गाली नहीं दे सकते। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखा इस्तीफा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस तरह से दिशाहीन होकर आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए वह खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहे थे।







