डीएम के आदेश पर बनी प्रशासन की संयुक्त की टीम की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में होटल और ढाबों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने खदरी खड़कमाफ क्षेत्र में इंदिरानगर स्थित आशुतोष गैस सर्विस के वाहन में सिलिंडरों से रिफिलिंग करते हुए एक कर्मचारी को पकड़ा लिया। पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर कर्मचारी के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी के आदेश पर टीम का गठन किया गया है। टीम की ओर से ऋषिकेश स्थित गैस एजेंसियों के गोदाम, होटल एवं रेस्टोरेंट में छापा मारा गया। इस दौरान खदरी खड़कमाफ क्षेत्र में आशुतोष गैस एजेंसी के वाहन को चेक किया गया।
इस वाहन में 7 खाली 30 भरे कुल 37 घरेलू गैस सिलिंडर पाए गए। इस वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी। वाहन में पीछे बैठे अमन चौहान की ओर से घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर अवैध तरीके से खाली सिलिंडर में भरा जा रहा था। मौके पर रिफिलिंग उपकरण (बांसुरी) भी पाई गई।कर्मचारी को हिरासत में लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश के माध्यम से थाना ऋषिकेश में प्राथमिकी दर्ज करवाया गया। वाहन में रखे गए गैस सिलिंडरों को जब्त कर अंकुर गैस एजेंसी के सुपुर्द किए गए। वाहन को कोतवाली परिसर में पार्क करवाया गया।एसडीएम ने बताया कि गैस की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी, व्यवसायिक सिलिंडरों के स्थान पर घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल, पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली, शिव प्रसाद भट्ट आदि उपस्थित रहे।







