किच्छा। पुलभट्टा पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर 91 कछुए बरामद किए हैं। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। तस्कर कछुओं को पिट्ठू बैग में ला रहे थे। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों ने बताया कि वह इन कछुओं को इटावा (यूपी) से खरीद कर ला रहे थे जिन्हें रुद्रपुर में किसी को देने थे। शनिवार सुबह एसआई दिनेश भट्ट के साथ पुलिस टीम ने बरेली मुख्य मार्ग पर ग्राम सुतईया के पास दो महिला और दो पुरुषों को पिट्ठू बैग लिए खड़े देखा। शक होने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे पा रहे थे। इस पर जब बैगों को खोलकर चेक किया तो उनमें कछुए मिले।
ओमा पत्नी महिपाल निवासी अलीगंज चुंगी हिंदूनगर थाना सिटी कोतवाली जिला एटा के पास दो पिट्ठू बैग थे। एक बैग से 23 और दूसरे में 15 कछुए बरामद हुए। 19 वर्षीय कामनी पत्नी दीपू निवासी अलीगंज चुंगी हिंदूनगर थाना सिटी कोतवाली जिला एटा के पास से 18 कछुए बरामद हुए।इनके अलावा विष्णु निवासी जवाहरलाल नेहरू कॉलेज, इटावा के बैग से 17 कछुए बरामद हुए। सनी निवासी जवाहरलाल नेहरू कॉलेज थाना सिटी काॅलोनी, इटावा के बैग से भी 18 कछुए मिले।एसपी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि कछुओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इन कछुओं को चारों आरोपी इटावा से खरीद कर रुद्रपुर में एक व्यक्ति को बेचने के लिए आए थे। कछुओं को काटकर एक हजार रुपये किलो के हिसाब से बेचने की बात बताई जा रही है।







