हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित और पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी में आरोपी संजू निवासी चौहान मार्केट, रावली महदूद, थाना सिडकुल रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ मोबाइल सर्विलांस की मदद ली गई।
पुलिस ने सिडकुल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नशा तस्करी से जुड़े मामलों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है, जिसके चलते उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। संजू के खिलाफ वर्ष 2021 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट और शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं, जिनमें अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के आरोप शामिल हैं।







