पिथौरागढ़ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि) गुरमीत सिंह एक दिवसीय के दौरे पर सीमांत पिथौरागढ़ पहुंचे. जहां वे सेना क्षेत्र में आयोजित पूर्व सैनिकों की मेगा रैली में शामिल हुए. इस दौरान युद्ध समेत विभिन्न सैन्य अभियानों में घायल हुए पूर्व सैनिकों व वीर नारियों को सम्मानित किया. साथ ही अधिकारियों से संवाद कर जिले में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की. साथ ही ये सुनिश्चित करने पर बल दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे. पिथौरागढ़ पहुंचने पर राज्यपाल गुरमीत सिंह का जीओसी इन सी सेंट्रल कमांड लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, जीओसी उत्तर भारत एरिया लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा, जीओसी उत्तराखंड सब एरिया मेजर जनरल एमपीएस गिल समेत ब्रिगेडियर एवं अन्य सैन्य अधिकारियों ने स्वागत किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
एक सैनिक कभी भूतपूर्व नहीं होता: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से संवाद कर उन्हें अच्छा लगा. उन्होंने पूर्व सैनिकों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की. साथ ही कहा कि एक सैनिक कभी भूतपूर्व नहीं होता है. राज्यपाल ने 12 कुमाऊं रेजीमेंट की ओर से आयोजित 750 किलोमीटर लंबी जोरावर साइकिल रैली का समापन किया.यह रैली बरेली से शुरू हुई और गुंजी व आदि कैलाश क्षेत्र से होते हुए पिथौरागढ़ पहुंची. राज्यपाल ने रैली में शामिल सभी सदस्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया. रैली में पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान किया गया. इसके अलावा उन्हें सरकारी और सैन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया.रैली में काफी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके आश्रित पहुंचे. राज्यपाल ने पिथौरागढ़ कंटोनमेंट की सराहना करते हुए इसे एक उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ सेना क्षेत्र में पूर्व सैनिकों के लिए कैंटीन की बेहतर सुविधा है. ईसीएचएस भी अच्छा काम कर रहा है.
बेरीनाग की चाय को मिलेगा बढ़ावा: राज्यपाल ने कहा कि पिथौरागढ़ पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. यहां पर पिछले साल 40 हजार टूरिस्ट आए थे और अगले साल 4 लाख से भी ज्यादा टूरिस्ट आएंगे. पिथौरागढ़ शिव की पवित्र धरती है. यहां आदि कैलाश एवं ओम पर्वत, पाताल भुवनेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल स्थित हैं, जो पर्यटन को और ज्यादा बढ़ावा दे रहे हैं.उन्होंने स्वरोजगार कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने वाली महिलाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ के राजमा, कीवी, बेरीनाग की चाय समेत अन्य उत्पादों से आर्थिक स्थिति में सुधार किया जा सकता है. उन्होंने महिलाओं से सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ने का आह्वान भी किया.
नैनीसैनी एयरपोर्ट पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर: इससे पहले राज्यपाल गुरमीत सिंह का नैनीसैनी हवाई अड्डे पर डीएम आशीष कुमार भटगांई ने स्वागत किया. पुलिस जवानों ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. इसके बाद राज्यपाल ने हवाई अड्डा परिसर में लगे ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, जिला उद्योग केंद्र, हाउस ऑफ हिमालयाज समेत विभिन्न स्टॉलों को देखा.राज्यपाल ने उत्पादों की पैकेजिंग की सराहना करते हुए महिलाओं की आय में हो रही वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की. इसे और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं समूहों को प्रोत्साहित किया. उन्होंने डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाकर उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करने के लिए डिजिटल माध्यम का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने का सुझाव भी दिया. वहीं, विभागों ने राज्यपाल को अपने हस्त निर्मित उत्पाद भी भेंट किए







