माहे रमजान अब अलविदा होने की ओर है। बृहस्पतिवार शाम चांद दिखाई दिया तो शुक्रवार को ईद होगी। चांद के दीदार न होने पर शनिवार को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। ईद के इंतजार ने लोगों में खुशी की लहर दौड़ा दी है। बाजारों में रौनक है, उलमा अमन का पैगाम दे रहे हैं और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर रहा है। बुधवार को रोजा इफ्तार के बाद रोजेदारों ने बाजार में खरीदारी की। यहां आजाद नगर, नया बाजार, मीरा मार्ग, ताज चौराहा समेत आसपास की दुकानें गुलजार रहीं। कपड़ों, मिठाइयों, मेवों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।
चांद दिखने पर कमेटी से करें संपर्क
जामा मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती मोहम्मद आजम कादरी ने बताया कि रमजान अब आखिरी दौर में है। इसमें ज्यादा से ज्यादा इबादत करें। बृहस्पतिवार शाम चांद दिखने या कहीं से तस्दीक आने पर चांद कमेटी से संपर्क करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
सऊदी में नहीं दिखा चांद
सऊदी समेत खाड़ी देशों में बुधवार शाम चांद नहीं दिखाई दिया। अब वहां शुक्रवार को ईद होगी। आम तौर पर माना जाता है कि खाड़ी देशों के अगले दिन भारत समेत आसपास के मुल्कों में चांद दिखाई देता है। ऐसे में अब यहां शनिवार को ही ईद मनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।







