बेरीनाग/ताड़ीखेत/लक्सर। उत्तराखंड में धामी सरकार के 3 साल पूरे होने का जश्न और सरकारी कार्यक्रम जारी हैं। पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग विकासखंड में इस मौके पर बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र में ’जन सेवा’ थीम पर आधारित बहुउद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर बहुउद्देशीय शिविर सबसे पहले बात करते हैं बेरीनाग की। बेरीनाग में बतौर मुख्य अतिथि विधायक फकीर राम टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश के विकास में ऐतिहासिक निर्णय होने के साथ गांव गांव तक विकास हुआ है जो आगे भी चलता रहेगा। पिछले तीन वर्षों में गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में किये गये विकास कार्यों की उन्होंने जानकारी दी. ब्लॉक प्रशासक विनीता बाफिला ने कहा कि प्रदेश का विकास बहुत तीव्र गति से हो रहा है. हर वर्ग का विकास किया जा रहा है।
जनता की समस्याएं सुनीं। परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा और एसडीएम खुशबू पांडे ने जन सेवा शिविर के महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन जनपद की जनता के विकास और आर्थिक स्थिति सुधारने में लिए प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं। उन्होंने जनता की समस्याएं भी सुनीं और सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए और बेरीनाग की जनता को आश्वासन देते हुए कहा कि जो भी जनता की समस्याएं हैं, उनका जल्द से जल्द समाधान किया जायेगा। इस मौके पर राजकीय इंटर कॉलेज राईआगर और सूचना विभाग के कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र बने। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत ने नगर की पेयजल समस्या के संदर्भ में अवगत कराया। उडियारी गांव के वृद्ध चुतर सिंह ने आवासीय मकान आपदा के आठ माह के बाद भी भूस्खलन और भूधंसाव रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। विभिन्न लोगों की समस्याओं को सुना गया और शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान एक दर्जन लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बने।
ताड़ीखेत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित। प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत में भी बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। विधायक और संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक डॉ प्रमोद नैनवाल ने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखते हुए कहा कि धामी सरकार ने ऐतिहासिक विकास कार्य और निर्णय लिए हैं।
शिविर में 27 शिकायतें मिलीं। शिविर में कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से कुछ शिकायतों का मौके पर ही निदान किया गया। बाकी शिकायतों को विभागीय स्तर पर जल्द निपटारा करने को कहा गया। कारचूली में प्राथमिक विद्यालय खोले जाने की मांग पर विधायक ने आश्वस्त किया। श्रम विभाग को ताड़ीखेत में एक शिविर लगाने को कहा जिसमें लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। उज्ज्वला सहायता समूह महिलाओं द्वारा सड़क एवं पानी की समस्या का मुद्दा उठाया गया। इस पर विधायक ने तत्काल जल निगम को निराकरण के लिए कहा। सिंगोली ग्राम की महिलाओं द्वारा भी पानी की समस्या का मुद्दा उठाया गया। शिविर में 25 आधार कार्ड बनाए गए।
लक्सर में ‘जन सेवा शिविर। हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट पर भी सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ’जन सेवा’ थीम पर आधारित बहुउद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। युवराज पैलेस में आयोजित शिविर का पूर्व विधायक संजय गुप्ता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप जलाकर शुभारंभ किया गया।
धामी सरकार के 3 साल को बेमिसाल बताया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के 03 साल बेमिसाल रहे हैं। इन 03 सालों में उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश का काया कल्प किया है। विकास के नये नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनके कुुशल नेतृत्व में राज्य सरकार का बजट 01 लाख करोड़ रुपये पार कर गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में राज्य सरकार द्वारा दूरस्थ क्षेत्र की गरीब जनता को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सभी पात्र व्यक्तियों को योजनओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बहुउद्देशीय शिविर आयोजन का मुख्य उद्देश्य किए जा रहे कार्यों, चल रहे कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक उपलब्ध कराना तथा योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभंवित करना है।
लाभार्थियों को किट और चेक मिले। शिविर में पांच लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के अन्तर्गत आवास की चाबी, 04 महिलाओं को महालक्ष्मी किट, एनआरएलएम के अन्तर्गत चार समूहों को 21 लाख रुपये के चेक वितरित किए गये। स्वास्थ्य विभाग (एलोपैथिक तथा आयुर्वेदिक) द्वारा 197 व्यक्तियों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न समाजिक पेंशन योजनाओं के अन्तर्गत 27 व्यक्तियों को मौके पर ही पेंशन स्वीकृत की गई। इस अवसर पर कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, बाल विकास, चिकित्सा विभाग, मत्स्य आदि विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।