रामनगर: हरिद्वार-रामनगर हाईवे पर उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब चलती रोडवेज बस का स्टीयरिंग अचानक फेल हो गया. चालक की सतर्कता से बस को समय रहते रोका गया. जिससे सभी यात्री सुरक्षित बच गए.रामनगर में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. अल्मोड़ा डिपो की रोडवेज बस संख्या UK 07 PA 2800 सुबह करीब 8 बजे सवारियां लेकर रवाना हुई थी. जो दोपहर करीब 1:30 बजे रामनगर डिपो पहुंची. यहां से भी यात्रियों को बैठाकर बस हरिद्वार के लिए निकल गई.बस चालक नंदन सिंह के मुताबिक, हरिद्वार-रामनगर हाईवे 309 पर टांडा के पास बस करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी. तभी अचानक स्टीयरिंग का संचालन फ्री हो गया. जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरने लगी. ऐसे में मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्टीयरिंग ने पूरी तरह काम करना कर दिया था बंद: स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को सड़क किनारे रोक दिया. चालक ने बताया कि उस समय बस का स्टीयरिंग पूरी तरह काम करना बंद कर चुका था. बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर हरिद्वार और काशीपुर जाने वाले थे.
यात्रियों में मचा हड़कंप, लगाए गंभीर आरोपा: अचानक बस रुकने से यात्रियों में हड़कंप मच गया और सभी लोग घबराकर बस से नीचे उतर आए. यात्रियों का आरोप है कि अल्मोड़ा से बस रवाना होने से पहले उसकी ठीक से जांच नहीं की गई, जिससे इतनी बड़ी लापरवाही सामने आई.
दूसरे बस से भेजे यात्री: घटना के बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया. रामनगर डिपो के एआरएम नवीन आर्य ने बताया कि सभी यात्रियों को दूसरी बस के जरिए सुरक्षित उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है. साथ ही इस मामले की सूचना अल्मोड़ा डिपो अधिकारियों को दे दी गई है.
बसों की फिटनेस जांच पर उठे सवाल: फिलहाल, चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और बसों की फिटनेस जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. कहा जा रहा है कि अगर पहाड़ में स्टीयरिंग फेल होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.







