नानकमत्ता। अमावस्या पर्व पर हजारों श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचे। श्रद्धालुओं ने श्री हर मंदिर साहिब के दरबार में गुरु महाराज के आगे मत्था टेक परिवार में सुख शांति की अरदास की। सजे धार्मिक दीवान में पंथ के जानकारों ने संगत को गुरु जस श्रवण कराके निहाल किया।मंगलवार को अमावस्या पर्व के चलते आसपास व दूरदराज से हजारों श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब शीश नवाने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने श्री हरमंदिर साहब में गुरु महाराज के आगे मत्था टेक पवित्र पंजा साहिब की परिक्रमा कर अपने परिवार में सुख-शांति की अरदास की। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा छठी पातशाही, गुरुद्वारा भंडारा साहिब, गुरुद्वारा लाल गुरु, गुरुद्वारा दूध वाला कुआं तथा बाऊली साहिब पर भी आस्था से शीश नवाकर अपनी मनौती मांगी।
पर्व के उपलक्ष्य में बाबा अलमस्त दीवान हाल में सजे धार्मिक दीवान में राजेंदर सिंह वलटोहा के ढाड़ी, मुख्तियार सिंह सेवक, सलविंदर सिंह खलास व सादा सिंह के कवीसरी जत्थे के साथ हजूरी रागी एवं कथावाचकों ने संगत को गुरु जस श्रवण कराके निहाल किया। इस दौरान गुरु का लंगर की सेवा अटूट चलती रही। पर्व के उपलक्ष्य में लगने वाले एक दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी भी की। वहां गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, सदस्य गुरवंत सिंह, सुखवंत सिंह पन्नू, प्रबंधक रणजीत सिंह, रंजीत सिंह ढिल्लों, बलदेव सिंह चीमा आदि थे।







