अल्मोड़ा। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 6.20 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी कोतवाली में नशा तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। वह जेल में सजा भी काट चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में उनकी टीम ने मेडिकल कॉलेज के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने शक के आधार पर स्यालीधार अल्मोड़ा निवासी दीपक सिंह (26) को पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 6.20 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। उसे मौके पर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार
बागेश्वर। एसपी जितेंद्र मेहरा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी ने 3.53 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को दबोचा है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम भागीरथी तिराहे के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक अजय कुमार उर्फ अतुल (23) निवासी कठायतबाड़ा के कब्जे से 3.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।







