Monday, September 22, 2025
Google search engine
Homeअपराधबहन के प्रेम विवाह से नाखुश था सुनील हत्या के बाद आत्महत्या...

बहन के प्रेम विवाह से नाखुश था सुनील हत्या के बाद आत्महत्या करने की ओर इशारा

रुद्रपुर में कोतवाली क्षेत्र के सिंह काॅलोनी में एक किराए के कमरे में रहे भाई-बहन संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। भाई पंखे पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि भाई ने पहले बहन की हत्या की और फिर फंदे पर लटक गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर सनसनीखेज मामले की जांच में जुटी है।

मूल रूप से ग्राम चंदुआ थाना हाफिजगंज बरेली निवासी सुनील कुमार (23) ने तीन दिन पहले सिंह कालोनी नंबर दस में मोलक राम के मकान की तीसरी मंजिल पर किराए पर कमरा लिया था। उसके साथ उसकी विवाहित बहन करिश्मा (19) निवासी ग्राम साहसिया बरेली रह रही थी। सुनील ठेली में फल बेचने का काम करता था। बुधवार सुबह सुनील का बरेली निवासी बहनोई अमरपाल कमरे पर आया था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने सिंह कालोनी गली नंबर छह में रहने वाले साढू रवि कुमार को बुला लिया। रवि के मुताबिक उन्हाने लोगों की मदद से दरवाजे पर धक्का मारा तो चिटकनी टूट गई। कमरे में रस्सी के फंदे पर सुनील लटका हुआ था, जबकि फर्श पर उसकी साली करिश्मा मृत पड़ी थी। उन्होंने फंदे से सुनील का शव उतारा, उसके मुंह से खून भी निकला था। सूचना पर सीओ सिटी आईपीएस निहारिका तोमर, एसएचओ धीरेंद्र कुमार, एसएसआई केसी आर्य फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल के साथ ही शवों का निरीक्षण किया और मृतक के बहनाई रवि, बहन संजू देवी के साथ ही मकान मालिक से भी पूछताछ की। एसपी सिटी मनोज कत्याल भी मौके पर पहुंचे थे और मामले की जानकारी ली। मृतक चार भाई बहनों में दूसरे नंबर था।

एफएसएल टीम ने एकत्र किए साक्ष्य, कमरा सील
सनसनीखेज वारदात से मृतक के परिजनों के साथ ही मकान मालिक भी सकते हैं। फोरेंसिक टीम ने कमरे में पहुंचकर साक्ष्य संकलन का कार्य किया। इसके साथ कमरे को भी सील कर दिया गया। पुलिस मृतकों के मोबाइल से भी घटना के पीछे का राज जानने की कोशिश में जुटी है।

अंकल मोटर चला दो, ठंडा पानी चाहिए
मकान मालिक मोलक राम ने बताया कि तीन दिन पहले ही सुनील ने कमरा लिया था। सुनील के बहनोई रवि से जान पहचान होने की वजह से किराए पर कमरा दिया था। घटना के समय वह टीवी पर सत्संग कार्यक्रम सुन रहे थे। बताया कि मंगलवार शाम सुनील ने उनको ठंडे पानी के लिए मोटर चलाने के लिए कहा था। सुनील परेशान भी नहीं था। इसके बाद उनकी सुनील से कोई बात नहीं हो सकी। सुनील ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह वह भी नहीं समझ पा रहे हैं।

41 महीने जेल में रहने के बाद फरवरी में जमानत पर छूटा था मृतक
सिंह कालोनी में हुई सनसनीखेज वारदात में फंदे पर लटका मिला सुनील और फर्श के मृत मिली उसकी बहन करिश्मा की जिंदगी उतार चढ़ाव भरी थी। शादी के तीन महीने बाद ही सुनील को अपनी पत्नी की मौत के आरोप में सलाखों के पीछे जाना पड़ा था और 41 महीने तक जेल में रहने के बाद उसे जमानत मिली थी। वहीं करिश्मा की शादी के कुछ समय बाद ही पति अपाहिज हो गया था। एक साल पहले करिश्मा ने परिजनों की आपत्ति के बावजूद दूसरे युवक को प्रेम विवाह कर लिया था। ग्राम चंदुआ थाना हाफिजगंज बरेली निवासी सुनील कुमार की मई 2020 में ग्राम गलाइया बरेली निवासी निर्मला देवी से शादी हुई थी। तीन महीने बाद ही निर्मला ने ससुराल में आत्महत्या कर ली। मामले में सुनील को जेल जाना पड़ा था। सुनील के बहनोई रवि ने बताया कि अदालत में सुनील की जमानत कराने के लिए उन्होंने काफी कोशिश की थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद सुनील बीते 27 फरवरी को जेल से छूटा था। उसके बाद से ही वह उसके साथ रह रहा था। इस दौरान उसने फल की ठेली लगानी शुरू की थी। करिश्मा की पहले शादी हो चुकी थी और पति एक हादसे में दिव्यांग हो गया। इसके बाद एक साल पहले ग्राम साहसिया बरेली के रहने वाले एक युवक से उसने प्रेम विवाह किया था। इसके लिए परिजन राजी नहीं थे लेकिन करिश्मा उसी युवक के साथ रह रही थी। कहना था कि करिश्मा 15 अप्रैल को उनके पास आई थी। पहले दोनों भाई बहन उनके साथ रह रहे थे लेकिन तीन दिन पहले किराए के कमरे में आकर रहने लगे थे। रवि के अनुसार दोनों के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं था। लेकिन रात में क्या ऐसी परिस्थितियां आई, उसकी जानकारी उनको नहीं है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि इस मामले में मृतक के बहनोई, बहन के अलावा रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। मृतका शादीशुदा थी और फिर से शादी करने की बात सामने आ रही है। पति और अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

छह मई को बहनोई रवि की थी शादी की सालगिरह
मृतक के बहनोई रवि ने बताया कि वह हलवाई का काम करता हैं। छह मई को उनकी शादी की सालगिरह थी। इस आयोजन में उनके कई रिश्तेदार आए थे। रिश्तेदारों के साथ ही सुनील और करिश्मा ने भी पार्टी में खूब इन्जॉय किया था। शादी की सालगिरह में आए साढू अमरपाल तब से यहीं रुक गए थे। अमरपाल ही सुनील के कमरे में सबसे पहले पहुंचे थे।

हत्या के बाद आत्महत्या करने की ओर इशारा कर रहीं कमरे की परिस्थितियां
सिंह काॅलोनी में हुई वारदात के पीछे की वजह समझने के लिए पुलिस जुटी हुई है। कमरे के हालात बहन की गला घोंटकर हत्या करने के बाद भाई के फांसी लगाने की ओर से इशारा कर रहे हैं। हालांकि इसके पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। परिजनों से छन छनकर सामने आ रही बातों से मृतक भाई अपनी बहन के शादीशुदा रहते दूसरे युवक से प्रेम विवाह से नाखुश माना जा रहा है। पारिवारिक विवाद के चलते इतना बड़ा कदम उठाने की आशंका है।

जेल से जमानत पर छूटने के बाद सुनील अपने घर नहीं आया था। वह बहनोई रवि के पास ही रह रहा था। कुछ समय पहले ही उसने फलों की ठेली लगाने का काम किया था। बताया जा रहा है कि करिश्मा के कथित प्रेम विवाह करने की जानकारी से सुनील खफा था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद की बात भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार करिश्मा की एक अन्य युवक से दोस्ती थी। जिस युवक से उसने प्रेम विवाह किया था, उससे भी उसकी इस बात पर अनबन हो गई थी। यह विवाद बढ़ा तो करिश्मा 15 अप्रैल को रुद्रपुर आ गई थी।रवि के अनुसार कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने साढू अमरपाल और अन्य लोगों के साथ मिलकर दरवाजे की चिटकनी तोड़ी थी। जब कमरा अंदर से बंद था तो सारा घटनाक्रम बंद कमरे में हुआ था। पूरी संभावना है कि किसी बात पर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर भाई ने बहन की हत्या की होगी, जिसके बाद पछतावे में उसने फांसी लगा ली होगी। हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ कहने से बच रही है। युवक का शव फंदे पर लटका था जबकि उसकी बहन का शव जमीन पर पड़ा था। प्रथम दृष्टया लड़की की हत्या की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ हो सकेगी। मामला भाई बहन है, इसलिए मोटिव जानना थोड़ा मुश्किल है। परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम के बाद मामला साफ हो सकेगा। कमरे में कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध चीज नहीं मिली है। – निहारिका तोमर आईपीएस, सीओ सिटी रुद्रपुर

सिंह कालोनी में कमरे में दो लोगों की संदिग्ध मौत हुई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो दोनों शव फर्श पर रखे मिले थे। यह हत्या है या आत्महत्या इस पर कुछ नहीं कहा जा सकता है। जिले की फोरेंसिक टीम से घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए थे। डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शवों का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। – डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी।

एसएसआई को किया गया लाइन हाजिर
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इस मामले में एसएसआई केसी कार्य की लापरवाही सामने आई है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचने के बावजूद एसएसआई ने उनको मामले की समय से सूचना नहीं दी थी। उनको किसी तीसरे व्यक्ति से इतनी बड़ी घटना की जानकारी मिली थी। इस मामले में एसएसआई को लाइन हाजिर किया गया है और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसआई की ओर से स्पष्टीकरण मिलने तक वह लाइन में रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine






Most Popular

Recent Comments