श्यामपुर न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम अवैध प्लाटिंग की जा रही है। प्रतीतनगर और गोहरीमाफी के सीमा पर जेसीबी चलाकर सुसवा नदी को पाटा जा रहा है। ग्रामीणों ने शिकायत की तो पुलिस ने कार्य को रुकवा दिया।बुधवार देर रात को गोहरीमाफी प्रतीतनगर सीमा पर सुसवा नदी किनारे जेसीबी चलाकर नदी की धारा को पलटा जा रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह जैसे ही जेसीबी फिर से चली तो ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में कर दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। रायवाला कोतवाली की चीता पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक मौके से सभी लोग फरार हो चुके थे। यहां पंचायती भूमि को जेसीबी चलाकर पुश्ता तैयार किया जा रहा था।
सुसवा नदी की दो बीघा से ज्यादा भूमि खुर्द-बुर्द की गई है।जनता दरबार में जिलाधिकारी के समक्ष ग्रामीण क्षेत्र में नदी नालों पर हो रही अवैध प्लाटिंग को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में जिलाधिकारी की ओर से जांच के निर्देश भी दिए गए थे। दो माह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। आलम यह है कि मोटा मुनाफा कमाने की होड़ में भूमाफिया की ओर से नदी नालों को पाटकर उसपर प्लाटिंग की जा रही है। गोहरीमाफी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। – योगेश मेहरा, एसडीएम ऋशिकेश







