नैनीताल। नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बृहस्पतिवार सुबह नैनीताल में अचानक मॉर्निंग वॉक पर निकल गए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, पर्यटकों व स्कूली बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों के साथ पंत पार्क में बन रहे नयना देवी मंदिर के गेट का निरीक्षण भी किया। पंत पार्क में चाय बनाकर लोगों को पिलाई। चाय पीते हुए लोगों की समस्याएं भी सुनीं।बुधवार की शाम नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले। उन्होंने सुबह एटीआई से पंतपार्क तक वॉक किया। इस दौरान उन्होंने रास्ते पर पैदल मिले लोगों से उनका हालचाल जाना। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से वार्ता की। स्कूली बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की। मल्लीताल बाजार से भ्रमण करते हुए एक दुकान के बाहर रुककर अंगीठी में हाथ सेंके। इस दौरान लोगों से वार्ता कर उनकी दिक्क़तें जानी। पंत पार्क पहुंचने के बाद उन्होंने मानसखंड मंदिरमाला मिशन के तहत नव निर्मित नयना देवी मंदिर के गेट का काम देखा और उसको जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश लोनिवि के अधिकारियों को दिए। उन्होंने बताया कि मंदिर को और अधिक भव्य व आकर्षक स्वरूप देने के लिए 11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की जानकारी ली
सीएम ने मिशन के अन्य विकास कार्यों डीएसए मैदान के सुधार, बलियानाला व ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की भी जानकारी अधिकारियों से ली और संबंधित विभागों को इन सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से वार्ता करते हुए ठेले पर चाय बनाई। चाय पीने के दौरान स्थानीय लोगों से वार्ता की। बढ़ रही ठंड को देखते हुए अधिकारियों को सभी रैन बसेरों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ सीएससी चन्द्र शेखर रावत, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, मनोज जोशी, दया किशन पोखरिया व हरीश राणा मौजूद थे।







