देहरादून। समान काम के लिए समान वेतन और नियमित करने की मांग के लिए आंदोलनरत उपनल कर्मचारियों की वन मंत्री सुबोध उनियाल के साथ हुई बैठक बेनतीजा रही। वहीं, कर्मचारियों का क्रमिक अनशन पांचवें और धरना छठे दिन भी जारी रहा।प्रदेश के उपनल कर्मचारियों के मसले पर सरकार की ओर से मंत्रिमंडल की उप समिति का गठन किया गया है। वन मंत्री सुबोध उनियाल को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उपनल कर्मचारियों के मुताबिक जिला प्रशासन की ओर से आंदोलनरत कर्मचारियों को वार्ता के लिए वन मंत्री के आवास ले जाया गया। मंत्री आवास पर हुई बैठक में कर्मचारियों की ओर से कहा गया कि सरकार यदि समान काम के लिए समान वेतन का आदेश जारी करती है तो कर्मचारी आंदोलन स्थगित कर नियमितीकरण के मसले पर सरकार को समय देने के लिए तैयार हैं। उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल के मुताबिक वन मंत्री की ओर कर्मचारियों को कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला। मंत्री की ओर से बताया गया कि उप समिति सरकार को डेढ़ से दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौपेंगी। संगठन के प्रदेश संयोजक ने कहा, मांगों पर अमल न होने तक कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों का परेड ग्राउंड में क्रमिक अनशन और धरना जारी रहा। धरना देने वालों में हरीश कोठारी, विनय प्रसाद, जगत राम भट्ट, प्रताप सिंह बोरा आदि शामिल रहे।
उपनल कर्मचारियों को इनका मिला समर्थन
उपनल कर्मचारियों को उप नेता सदन भुवन चंद्र कापड़ी, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र आनंद सहित कई लोगों ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थ दिया।







