यूपीसीएल ने नियमित कर्मचारियों व अधिकारियों को बड़ी राहत दी है। अब 10 गंभीर बीमारियों में उन्हें इलाज के लिए 70 प्रतिशत तक चिकित्सा अग्रिम (मेडिकल एडवांस) मिलेगा। इस संबंध में आदेश जारी हो गया है।यूपीसीएल प्रबंधन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक छह गंभीर बीमारियों के अलावा अन्य बीमारियों और उन सभी बीमारियों, जिनके इलाज में 10 लाख रुपये से अधिक का खर्च आ रहा हो, में इलाज के लिए अनुमानित खर्च का 70 प्रतिशत मेडिकल एडवांस मिलेगा। पूर्व में छह बीमारियां इसमें शामिल थीं, जिनमें चार श्रेणियां और जोड़ दी गई हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, अब हृदय की बाईपास सर्जरी, वाल्व प्रतिस्थापन, पेसमेकर लगवाना, किडनी ट्रांसप्लांट, मस्तिष्क के वृहद ऑपरेशन, कैंसर के बड़े ऑपरेशन, के साथ ही हेपेटाइटिस बी, लीवर ट्रांसप्लांट, मेजर रोबोटिक सर्जरी और जटिल बीमारियां यानी ऐसी बीमारियां (जिनके ऑपरेशन या पैकेज की अनुमानित लागत 10 लाख रुपये से अधिक है) को इसमें शामिल किया गया है।निगम की ओर से मान्यता प्राप्त अस्पतालों में इलाज कराने पर होने वाले कुल अनुमानित खर्च का 70 प्रतिशत हिस्सा विभाग पहले ही दे देगा, ताकि कर्मचारी पर आर्थिक बोझ न पड़े। चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़ी अन्य पुरानी शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी। यह निर्णय उन कर्मचारियों के लिए संजीवनी साबित होगा, जिन्हें लीवर ट्रांसप्लांट या महंगी रोबोटिक सर्जरी जैसे आधुनिक तरीकों से इलाज की जरूरत होती है।







