आदेश के करीब ढाई माह बीतने के बाद आखिरकार दूसरी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ने उप जिला अस्पताल विकासनगर में कार्यभार संभाल लिया है। अमर उजाला ने 12 अगस्त के अंक में उप जिला अस्पताल में पहली बार स्त्री व प्रसूति रोग के दो विशेषज्ञ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर यह जानकारी दी थी। उप जिला अस्पताल विकासनगर की दैनिक ओपीडी 500 से 550 के बीच है। यहां रोजाना करीब 70 से 80 मरीजों की ओपीडी स्त्री एवं प्रसूति रोग की रहती है। सोमवार और सार्वजनिक अवकाश के अगले दिन तो मरीजों की संख्या 200 तक भी पहुंच जाती है। वर्ष 2020 में अस्पताल का उच्चीकरण हुआ था। उसके बाद यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के दो पद हो गए थे। लेकिन, एक ही पद पर तैनाती हो पाई। एकमात्र स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता शर्मा ही अब तक अस्पताल में सेवाएं दे रही थीं। पूरे जौनसार बावर और पछवादून के सरकारी अस्पतालों में केवल विकासनगर में ही स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ हैं। ओपीडी अधिक होने से विशेषज्ञ को मरीजों को देखने में परेशानी होती है।
मरीजों को भी उपचार मिलने में समय लगता है। बीते अगस्त माह में एक और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू पुजारी की नियुक्ति हुई थी, लेकिन जिला अस्पताल उत्तरकाशी से विशेषज्ञ को रिलीव नहीं किया जा रहा था। अमर उजाला लगातार विशेषज्ञ के रिलीव न होने की खबर प्रकाशित रहा था। सीएमओ और सीएमएस भी विभागीय स्तर पर पत्राचार कर रहे थे। लगातार चल रहे प्रयासों के बीच विशेषज्ञ ने अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।उप जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. विजय सिंह ने बताया कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ने अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वह उत्तरकाशी से अपना सामान सरकारी आवास में शिफ्ट कर रही हैं। पहले से तैनात विशेषज्ञ भी जल्द ही छुट्टी से लौट आएंगी। उसके बाद अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सा की ओपीडी में दो विशेषज्ञ उपलब्ध होंगे। निश्चित रूप से इसका लाभ मरीजों को मिलेगा।







