अजय नौटियाल
भारत न्यूज लाइव
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने फिर एक बार प्रदेश को नाम देश ही नहीं, पूरे दुनिया में ऊंचा किया है। जी हॉं, SDRF उत्तराखंड पुलिस में नियुक्त मुख्य आरक्षी राजेन्द्र सिंह नाथ की दिन रात की मेहनत रंग लाई है। उन्होंने नार्थ अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट देनाली (6190 मीटर), जो कि अलास्का प्रदेश मे स्थित है, पर भारत का ध्वज फहराया है। ऐसा करते ही उन्होंने इतिहास के सुनहरे पन्नों में उत्तराखंड पुलिस और हिंदुस्तान का नाम दर्ज करा दिया है।
रिधिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक, SDRF ने SDRF के जवान मुख्य आरक्षी राजेंद्र नाथ की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण एक साहसिक गतिविधि है, जिसमें साहस, दृढ़ता और धीरज की हर कदम पर परीक्षा होती है। हिमालय के उच्च तुंगता क्षेत्र में SDRF द्वारा किए जाने वाले रेस्क्यू अभियानों में दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों के पर्वतारोहण का यह अनुभव काफी मददगार साबित होगा।
कमांडेंट, SDRF मणिकांत मिश्रा ने कहा कि राजेन्द्र नाथ SDRF के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। इससे पूर्व दिनाँक 10 जून 2024 को SDRF वाहिनी, जॉलीग्रांट से कमांडेंट मणिकांत मिश्रा, SDRF द्वारा माउंट देनाली के आरोहण हेतु जा रहे राजेन्द्र नाथ को शुभकामनाओं सहित फ्लैग ऑफ किया गया था।
बता दें, 13 जून 2024 को दिल्ली से हवाई यात्रा शुरू करने के उपरांत राजेन्द्र नाथ फ्रैंकफर्ट (जर्मनी) होते हुए अमेरिका के अलास्का स्टेट में लास्ट रोड हेड टॉकीटना पहुंचे, जहां पर आराम करने के बाद उन्होंने पैदल यात्रा शुरू की। राजेन्द्र नाथ ने बताया कि कई दिन पैदल यात्रा के बाद 23 जून 2024 को सुबह 11:00 बजे हम लोग समिट कैम्प से माउंट देनाली को फतह करने के लिए निकले। माइनस 25-30° तापमान के बीच बर्फ़ीली हवाओं एवं अन्य बाधाओं को पार करते हुए 12 घण्टे लगातार ग्लेशियर पर चढ़ाई करने के बाद रात्रि 11:00 बजे (भारतीय समयानुसार दिनांक 24 जून, दिन के 12:30 बजे) इन्होंने इस चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण कर लिया गया।
राजेन्द्र नाथ के शब्दों में, “मैं अब तक यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुश, अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट क्लिमन्जारो, साउथ अमेरिका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट अंकोकागुआ एवं नॉर्थ अमेरिका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट देनाली को फतह कर भारत तथा उत्तराखण्ड पुलिस का झंडा फहरा चुका हूँ। मेरा लक्ष्य विश्व के सभी सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगे के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य एवं पुलिस का झंडा फहराकर नाम रोशन करना है।”
राजेन्द्र नाथ की सफलता की यात्रा में चंद्रभागा-13 (6264 मीटर), डीकेडी-2 (5670 मीटर), माउंट त्रिशूल (7120 मीटर) माउंट गंगोत्री प्रथम (6672 मीटर), माउंट श्रीकंठ (6133 मीटर), माउंट बलज्यूरी (5922 मीटर), माउंट बंदरपूंछ (5500 मीटर), यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुश(5642 मीटर), अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (5895 मीटर) व दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के अर्जेंटीना में स्थित सबसे ऊँची चोटी माउंट अंकोकागुआ (6961 मीटर) आदि उपलब्धियां दर्ज है।
भारत न्यूज लाइव उत्तराखंड पुलिस की इस सफलता के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं देता है। आप ऐसे ही प्रदेश और देश का नाम दुनिया में ऊंचा करते रहो। राजेन्द्र नाथ, आपकी पहाड़ सरीखी शख्सियत को हमारा सलाम।