लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाने के लिए थाइलैंड से एक युवा वोट डालने ऋषिकेश पहुंचा। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक निवासी शुभम चौहान थाईलैंड में रहते हैं। शुभम गढ़वाल लोकसभा सीट के वोटर हैं। शुक्रवार को शुभम ने राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला स्थित बूथ पर अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शुभम चौहान ने बताया कि वह थाईलैंड में योग शिक्षक हैं। चार वर्षों से वहीं रहते हैं। लोकसभा के पहले चरण में 19 अप्रैल को उत्तराखंड में चुनाव होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने मतदान करने के लिए घर आने की योजना बनाई। वह 16 अप्रैल को ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम पहुंचे और शुक्रवार को अपना वोट डाला। शुभम ने बताया कि अब वह 21 अप्रैल को थाईलैंड वापस चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें मतदान का अधिकार दिया है। अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।







