वाराणसी जिले के अस्सी घाट पर गंगा स्नान के दौरान विवाहिता निशा (22) डूब गई। वहीं परिवार और रिश्तेदारों में शामिल एक महिला समेत तीन लोगों को घाट किनारे रहने वाले नाविकों और जल पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। विवाहिता निशा की खोजबीन की जा रही है। भेलूपुर पुलिस की टीम मौके पर तैनात है। गोरखपुर के चारगांव निवासी निशा, महाराजगंज के चेहरी निवासी अखिलेश (18), संत कबीरनगर के ददरा कुड़वा मेहदावल निवासी महेश पांडेय (22) और गौरी त्रिपाठी (19) सभी काशी दर्शन के लिए आए। सुबह सभी अस्सी घाट पहुंचे और नहाने लगे। इस बीच निशा गहरे पानी में जाने से डूबने लगी। महेश और अन्य ने बचाने का प्रयास किया तो वह सभी डूबने लगे। चीख- पुकार सुनकर आसपास के नाविक गंगा में कूद पड़े। जल पुलिस के कांस्टेबल वैभव सिंह नाविकों दिनेश मांझी, बबलू मांझी, कल्लू मांझी, अरविंद राज, सुनील ने सभी को बचाया, लेकिन निशा डूब गई। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विवाहिता की खोजबीन की जा रही है।







