अयोध्या में दीपोत्सव के मौके पर निकाली जा रही झांकियों की शोभायात्रा में ब्रह्मोस मिसाइल की झांकी भी शामिल रही। यह लोगों के बीच खासी आकर्षण का केंद्र रही। पर्यटक और श्रद्धालु इस झांकी के साथ सेल्फी लेने को आतुर दिखे।
महिलाओं के समूह ने प्रस्तुत किया विशेष नृत्य।
झांकियों की शोभायात्रा में सिर पर मटकी रखकर महिलाओं के समूह ने विशेष नृत्य प्रस्तुत किया। शोभायात्रा का लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया।
शोभायात्रा के मनमोहक दृश्यों ने मोहा लोगों का मन
दीपोत्सव पर निकाली जा रही झांकियों की शोभायात्रा के मनमोहक दृश्यों को देखकर लोग रोमांचित हो उठे। परिसर जयकारों से गूंजता रहा। दीपोत्सव पर निकाली जा रही झांकियों की शोभायात्रा में अलग-अलग जगहों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी।
इस बार दीपोत्सव पर तीन नए विश्व रिकॉर्ड बनाएगी अयोध्या-जयवीर सिंह
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस बार नौवें दीपोत्सव पर अयोध्या तीन नए विश्व रिकॉर्ड बनाएगी। पहला विश्व रिकॉर्ड 26 लाख 11 हजार 101 दीपों के एक साथ जलने से बनेगा। दूसरा विश्व रिकॉर्ड 2100 अर्चकों की ओर से सरयू जी की महाआरती के माध्यम से बनेगा। वहीं तीसरा विश्व रिकॉर्ड 1100 ड्रोन के करतब का बनेगा। अयोध्या अपने ही पुराने कीर्तिमानों को ध्वस्त कर नए रिकॉर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव भव्यता और समृद्धि का प्रतीक है। भारत विश्व गुरु बनकर दुनिया की अगुवाई करे, दीपोत्सव यही संदेश देता है। वर्ष 2017 से देश और दुनिया अयोध्या के इस भव्य उत्सव की गवाह बन रही है। इससे पहले पर्यटन मंत्री ने कई जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं के साथ साकेत महाविद्यालय से दीपोत्सव पर निकली झाकियों की शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
झांकियां देखने को उमड़ी लोगों की भीड़
नौवें दीपोत्सव पर झांकियों की शोभायात्रा का रंगारंग आगाज हो गया है। झांकियां देखने के लिए छतों व सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ी है।
रामनगरी में दीपोत्सव का भव्य आगाज
दीपोत्सव पर झांकियों की शोभायात्रा का आगाज हो गया है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। शोभायात्रा साकेत महाविद्यालय से निकली। यह रामपथ पर लगभग चार किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कई प्रदेशों के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। रामकथा पार्क में सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर को शोभायात्रा का स्वागत करेंगे।इस मौके पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, विधायक चंद्रभानु पासवान व अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
देखने को मिल रही रामायण कालीन प्रसंग की छटा
थोड़ी देर में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शोभायात्रा को रवाना करेंगे। शोभायात्रा में शामिल झांकियों में विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित अयोध्या की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसके अलावा रामायण कालीन प्रसंग की भी छटा देखने को मिल रही है। झांकियों की यह शोभायात्रा रामपथ से होते हुए रामकथा पार्क तक जाएगी। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शोभायात्रा की अगवानी करेंगे। पूरे रास्ते घरों की छतों से पुष्प वर्षा करके लोग स्वागत करेंगे। हजारों की संख्या में लोग इस शोभायात्रा को देखने के लिए साकेत महाविद्यालय पहुंचे हैं। इसमें स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश के पर्यटक और श्रद्धालु भी शामिल हैं।
हर तरफ बिखरने लगी दीपोत्सव की सतरंगी छटा
भगवान राम के लंका विजय कर वापस अयोध्या आने की खुशी में मनाए जा रहे दीपोत्सव की सतरंगी छटा रामनगरी में रविवार की सुबह से ही हर तरफ बिखरने लगी है। दीपोत्सव की शुरुआत साकेत महाविद्यालय में झांकियों की शोभायात्रा के साथ होने जा रही है। यहां से 21 झांकियां निकाली जा रही हैं।
70 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के लगेंगे स्टॉल
दीपोत्सव छोटे उद्यमियों को आजीविका का जरिया भी उपलब्ध करा रहा है। अयोध्या में बढ़ती पर्यटक संख्या ने कामगार महिलाओं की जिंदगी में समृद्धि की चमक बिखेरी है। दीपोत्सव मेले में 70 से अधिक स्वयं सहायता समूह के स्टॉल होंगे। इनमें बांस, मूंज शिल्प, जूट के थाल, और प्रसाद बॉक्स जैसे उत्पाद मिलेंगे। यह उत्पाद महिला कारीगरों द्वारा बनाए गए हैं।