नगर निगम की ओर से इंद्रमणि बडोनी चौक के पास बनाई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण के दौरान नई के साथ ही पुरानी टाइल्स भी लगाई जा रही हैं। निगम के अधिकारियों के निरीक्षण में इस बात की पुष्टि हुई है। नगर निगम की ओर से पांच लाख की लागत से इंद्रमणि बडोनी चौक के पास से रोडवेज की वर्कशॉप के गेट तक 150 मीटर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जा रही हैं। इस स्थान पर पूर्व में लोनिवि ऋषिकेश की ओर से टाइल्स बिछाई गई थी। इस स्थान पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए नगर निगम ने टेंडर किए थे। उसके बाद नगर निगम ने लोनिवि की ओर से बिछाई गई इंटरलॉकिंग टाइल्स को उखाड़ा था। इसके ढेर लगाए गए थे। जब काम शुरू हुआ तो नई टाइल्स के बीच में लोनिवि वाली पुरानी टाइल्स भी लगा दी गई हैं। रोडवेज वर्कशॉप से सटी दुकानों के सामने एक स्थान पर तो काफी हिस्से में पुराने टाइल्स लगा दिए हैं। नए काम में पुरानी टाइल्स लगाने पर लोग नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
कोट
इंद्रमणि बडोनी चौक के पास जिस स्थान पर इंटरलाॅकिंग टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। वहां पर नई टाइल्स के मध्य में जो पुरानी टाइल्स लगाई गई हैं उन्हें हटवाने के लिए कह दिया गया है। काम गुणवत्तापूर्ण हो निर्माण अनुभाग को चेतावनी भी दी गई है। – गोपाल राम बिनवाल, नगर आयुक्त







