देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन ने मंगलवार को नगर निगम में कांग्रेस पार्षद के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला जलाया। सफाई कर्मचारी यूनियन ने आरोप लगाया कि बिना बात के सफाई कर्मियों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध और सफाई कर्मचारी यूनियन नगर निगम अध्यक्ष सोनू खैरवाल के नेतृत्व में सफाईकर्मी एकत्र हुए। नगर निगम प्रांगण में पार्षद अभिषेक तिवारी का पुतला जलाकर नारेबाजी की गई। सोनू खैरवाल ने कहा कि पार्षद अभिषेक तिवारी ने मोहल्ला स्वच्छता समिति के तीन कर्मचारियों को हटाया है यह बहुत गलत है।
सफाई कर्मचारियों का शोषण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में कोई भी पार्षद सफाई कर्मचारियों का शोषण करेगा या मानसिक परेशान करेगा तो यूनियन हड़ताल करने को मजबूर होगी। इस दौरान यूनियन सचिव धीरज भारती, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, सुनील कुमार, तेजपाल, रोहित कुमार, मनीष कुमार, सूरज सूद, पिल्ला, मीनू घाघट आदि मौजूद रहे। उधर इस मामले में पार्षद अभिषेक तिवारी ने बताया कि सफाईकर्मी काम नहीं कर रहे थे। वित्तीय हानी भी नगर निगम को पहुंचा रहे थे। इसकी शिकायत नगर निगम के उच्च अधिकारियों से की गई तो उन्होंने कर्मचारियों को हटाने की कार्रवाई। यूनियन का मेरे खिलाफ यह प्रदर्शन गलत है।







