भीमताल (नैनीताल) नगर पालिका वार्ड नंबर छह जून स्टेट से सोमवार सुबह 10 बजे मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई महिला का देर रात तक कहीं पता नहीं चल पाया। शाम चार बजे तक महिला के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही जूनस्टेट के जंगल में पहुंची। देर शाम तक महिला की जंगल में काफी खोजबीन करने के बाद भी कहीं पता नहीं चल पाया। घटना के बाद से परिजन सहमे हुए हैं। वन्यजीव के हमले का अंदेशा जताया जा रहा है।पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया ने बताया कि सोमवार को गंगा देवी (60) पत्नी राजेंद्र प्रसाद रोज की तरह मवेशियों के लिए चारा लेने जू्न स्टेट के जंगल गई हुई थी।
शाम चार बजे तक घर नहीं पहुंचने पर डरे सहमे परिजनों ने घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि देर रात तक वन विभाग की टीम के साथ गंगा देवी की काफी खोजबीन की गई लेकिन कोई पता नहीं चल पाया है। चनौतिया ने कहा कि वन्यजीव के हमले का भी संशय बना हुआ है, क्योंकि इस इलाके में लगातार बाघ-तेंदुए देखे जा रहे हैं। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने डीएफओ को फोन कर लापता महिला की खोजबीन के लिए टीम भेजने को कहा है। साथ ही पुलिस से भी खोजबीन करने को कहा है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि शाम के समय महिला के लापता होने की सूचना के बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। विभाग के कर्मचारी स्थानीय जनप्रतिनिधि, परिजनों की मदद से महिला की खोजबीन में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वन्यजीव को लेकर भी खोजबीन की जा रही है। इस दौरान डिप्टी रेंजर किशन भगत, जीवन रजवार, सभासद शुभम नैनवाल आदि मौजूद रहे।







