नई टिहरी। टिहरी झील महोत्सव हिमालय O2 -2026 के आयोजन की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। महोत्सव छह से नौ मार्च तक कोटी काॅलोनी और जिले के अन्य मुख्य स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन ने प्रचार-प्रसार के साथ तैयारियां शुरू कर दी हैं। विकास भवन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव को केवल टिहरी झील तक सीमित न रखकर जिले के मुख्य पर्यटन स्थलों पर भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिससे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर्यटक गतिविधियों का केंद्र बन सके। बताया कि महोत्सव के तहत आठ ट्रैकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं। स्थानीय युवाओं को गाइड का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह युवा ट्रैकिंग रूट पर बतौर गाइड पर्यटकों के साथ मौजूद रहेंगे। महोत्सव में मास्टर शेफ टिहरी प्रतियोगिता कराई जाएगी। साथ ही फोटोग्राफी प्रतियोगिता के तहत फोटो जिओ टैग के साथ हिमालयन O2 वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे जिसकी अंतिम तिथि 28 फरवरी तक रखी गई है। साथ ही बौराड़ी स्टेडियम में पेंटिंग प्रतियोगिता, मुनिकीरेती में रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता, फैशन शो, मिस्टर एंड मिस प्रतियोगिता, रैप प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। प्रथम आने वालों को एक लाख, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय को 25 हजार रुपये की धनराशि से पुरस्कृत किया जाएगा। विजेताओं को टिहरी बांध का भ्रमण भी कराया जाएगा। मुनिकीरेती में काइट फेस्टिवल महोत्सव, देवलसारी में माउंटेन बाइकिंग, देवप्रयाग में गंगा आरती और राॅक क्लाइंबिंग कराई जाएगी। रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जाएंगे। हिमालय O2 वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।







