राज्य सभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट विकसित भारत का दस्तावेज है। यह विकसित भारत के प्रथम चरण का पहला बजट है। केंद्र सरकार का बजट उत्तराखंड राज्य के विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा। बजट में उत्तराखंड के लिए अपार संभावनाएं हैं। शनिवार को महेंद्र भट्ट ने देहरादून रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं, पर्यटन और छोटे व्यापारियों को मजबूती देगा और राज्य के विकास को नई दिशा देगा। बजट में उत्तराखंड के 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास की योजना शामिल है।
होटल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। होम स्टे योजना को मुद्रा ऋण से जोड़कर स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। बजट से राज्य में लघु और मध्यम उद्योग रफ्तार पकड़ेंगे। लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए बिना गारंटी ऋण सीमा 10 करोड़ रुपये तय की गई है।स्वास्थ्य क्षेत्र में 36 जीवनरक्षक दवाओं को सीमा शुल्क से मुक्त किया गया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना लागू की गई है, जिससे 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 5 लाख रुपये तक बढ़ाई गई है। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक है। रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और किसानों एवं छोटे व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, संदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।







