देहरादून में हुए हत्याकांड के बाद पुलिस ने शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए शहर से लेकर देहात तक नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया।
इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी पर चेकिंग के समय एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस के रोकने पर नहीं रुका। वह वापस मुड़कर एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।दोनों बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उनके पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।







