काशीपुर। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड सदस्यों के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इस दौरान 832 मतदाताओं में से 732 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। काशीपुर बार एसोसिएशन सभागार में काशीपुर और जसपुर के 832 अधिवक्ता ने यहां मंगलवार को मतदान किया। मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम पांच तक प्रथम अपर जिला व सत्र न्यायाधीश मनोज गब्र्याल की देखरेख में शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।मतदान समाप्ति पर कुल 832 में से 732 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। काशीपुर से सदस्य लिए हरी सिंह नेगी उर्फ हरीश नेगी, संदीप सहगल, अफसर अली, भावना वर्मा और रचना गांधी चुनाव मैदान में हैं।
बार काउंसिल के 23 पदों के लिए जिसमें 18 पुरुष और 5 महिला पद के लिए राज्य में 104 दावेदार चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 20 फरवरी को संपन्न होगी।काशीपुर से सदस्य पद के दावेदार हरि सिंह वर्ष 2014 में काउंसिल के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इसके अलावा मई 2015 से सितंबर 2017 तक स्पेशल कमेटी में भी रह चुके हैं। वहीं दावेदार संदीप सहगल व अफसर अली पूर्व में बार एसोसिएशन के सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा भावना वर्मा और रचना गांधी पहली बार काउंसिल सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं।
बाजपुर में 184 मत पड़े
एसडीएम कार्यालय परिसर में मंगलवार को बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड सदस्यों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव सिविल जज सुमन भंडारी की देखरेख में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मतदान के लिए अधिवक्ताओं की सुबह से कतार लगी रही। इस दौरान बाजपुर में 184 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल मतदाता 202 हैं। चुनाव अधिकारी बीईओ सत्येंद्र यादव रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मौजूद रहा।







