रुद्रपुर। पुलिस ने सरस मेले से लौट रही महिला से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उसके देवर की संलिप्तता पाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना में लिप्त तीन अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।सोमवार को एक महिला ने कोतवाली पहुंचकर बताया था कि रविवार की रात वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में सरस मेला देखने गई थी। मेला देखने के बाद देवर की बाइक से वापस घर लौट रही थी। दूसरी बाइक पर देवर के दोस्त सवार थे। देवर के दोस्तों ने किच्छा बाईपास रोड से चलने का दबाव बनाया। बीएचईएल कंपनी के पीछे सुनसान सड़क पर पहुंचते ही देवर के दोस्तों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि देवर के दोनों दोस्तों ने उसके साथ बारी-बारी से तमंचे और चाकू के बल पर दुष्कर्म किया।
एक अन्य युवक को भी कॉल कर मौके पर बुलाया और दुष्कर्म करने को कहा लेकिन तीसरा युवक मौके पर आकर वापस चला गया। रात को किसी तरह वह देवर के साथ वापस घर पहुंची और पति व घरवालों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने देवर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। उसकी शह पर ही महिला से दुष्कर्म होने की पुष्टि के बाद देवर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त राजा निवासी खेड़ा बस्ती और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -प्रशांत कुमार, सीओ सिटी







