दरभंगा स्थित DMCH परिसर में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बीती रात अस्पताल के न्यू सर्जिकल भवन के सामने स्थित नाले में एक नवजात का शव पड़ा मिला, जिसे आवारा कुत्ते नोच रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात नाले के पास कुत्तों का झुंड मंडराता दिखा। लोगों ने पास जाकर देखा तो नवजात का शव खुले में पड़ा था और कुत्ते उसे नुकसान पहुंचा रहे थे। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और बेंता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण नहीं होता। आशंका जताई जा रही है कि मृत नवजात को बायोवेस्ट के साथ फेंका गया होगा, जहां से कुत्ते उसे खींचकर नाले तक ले आए। गौरतलब है कि DMCH के आसपास कई निजी क्लिनिक और नर्सिंग होम संचालित हैं। पूर्व में भी खुले में मेडिकल वेस्ट फेंके जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।इस संबंध में DMCH के उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही शव के निस्तारण की व्यवस्था की गई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए राज्य सरकार की अधिकृत एजेंसी कार्यरत है।







