उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की अभिनेत्री और डांसर प्रियंका खंतवाल हिंदी और कन्नड़ गीतों में जलवा बिखेर रही हैं। बचपन में स्कूल के समय से शुरू हुए शौक ने प्रियंका को अलग पहचान दी। हाल ही में कन्नड़ फिल्म वाइल्ड टाइगर सफारी के गाने में प्रियंका मुख्य भूमिका में नजर आई हैं जो ट्रेंडिंग में है। इससे पहले भी प्रियंका ने कई रियलिटी शो समेत फिल्मों में काम किया है।प्रियंका खंतवाल मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित गांव बंदखणी की रहने वाली हैं। प्रियंका खंतवाल ने बताया कि बचपन में उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि वह फिल्म इंडस्ट्री में जाएंगी। स्कूल के समय में नृत्य की प्रस्तुति देते-देते इस ओर रुझान बढ़ा। स्कूल की एक प्रतियोगिता में जीत के बाद लगा कि नृत्य के क्षेत्र में बेहतर कर सकती हैं। इसके बाद पहले उन्होंने पूणे विवि से बीकॉम किया। इसके बाद कई ऑडिशन दिए। सबसे पहले तेलुगू डांस रियलिटी शो धी जोड़ी में बतौर डांसर काम किया। इसके बाद डीआईडी और डांस प्लस सीजन पांच जैसे कई रियलिटी शो में प्रस्तुति दी।अब हाल ही में प्रियंका खंतवाल ने कन्नड़ फिल्म वाइल्ड टाइगर सफारी में डेब्यू सॉन्ग किया। जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। पौड़ी से निकलीं प्रियंका मुंबई पहुंचकर उत्तराखंड का मान बढ़ा रही हैं। इसके अलावा उन्होंने कई शो में काम किया। उन्होंने बताया कि वह अब तक 45 शो में काम कर चुकी हैं।
एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं प्रियंका के पिता
प्रियंका खंतवाल के पिता किशोरी लाल खंतवाल एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। प्रियंका की माता कलावती खंतवाल गांव की सरपंच हैं। प्रियंका ने बताया कि पहले खुद नृत्य सीखतीं और सिखातीं भी थीं। वह कन्नड़ के साथ ही बॉलीवुड और उत्तराखंड में भी काम करना चाहती हैं। उत्तराखंड की संस्कृति सबसे अलग है। पहले जब फिल्म इंडस्ट्री के क्षेत्र में जाने की बात होती थी तो परिवार मना करता था लेकिन जब पहले गाने में नजर आईं तो सब सपोर्ट करने लगे।







