देहरादून जिले के सरकारी अस्पतालों में मार्च से अब तक करीब 10 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एहतियात बरतते हुए अस्पतालों को डेंगू और मलेरिया के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।इसके तहत अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पॉजिटिव मामलों को आईडीएसपी पोर्टल पर बिना किसी देरी के अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।आमतौर पर डेंगू के मामले जुलाई के बाद ही सामने आते हैं लेकिन मार्च-अप्रैल में डेंगू के मामले सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।इसके क्रम को तोड़ने के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से हाल ही में जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी कर डेंगू और मलेरिया से लड़ने के लिए तैयारी पूरी करने के लिए कहा गया है। इसमें सभी अस्पतालों में अनिवार्य रूप से आइसोलेशन वार्ड रखना होगा। इन वार्डों के सभी बेडों में मच्छरदानी लगानी होगी। इसके अलावा सभी जरूरी दवाएं भी रखने के लिए कहा गया है।
एलाइजा जांच में पॉजिटिव मरीजों को ही मानें डेंगू पीड़ित
विभाग की ओर से सभी अस्पतालों को सख्त निर्देश दिए गए है कि सिर्फ एलाइजा पॉजिटिव मरीजों को ही डेंगू का मरीज मानें। कई बार अस्पताल कार्ड टेस्ट में डेंगू पॉजिटिव मिलने पर उसे डेंगू पॉजिटिव मान लेते हैं लेकिन बाद में जब उसकी एलाइजा जांच की जाती है तो वह नेगेटिव आती है। एलाइजा डेंगू के लिए सबसे अधिक प्रामाणिक जांच है। डेंगू और मलेरिया को रोकने के लिए विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। अभी स्थिति नियंत्रण में है। – डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून
पिछले सात वर्षों में देहरादून में डेंगू के आंकड़े
वर्ष मामले मौत
2019 4991 06
2020 00 00
2021 126 00
2022 1434 00
2023 1201 13
2024 37 00
2025 500 00







