वाराणसी कमिश्नरेट के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार को देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या की घटना के बाद गांव ने सनसनी फैल गई। वहीं सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने हत्यारोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव निवासी सुजीत पटेल की पत्नी पूनम पटेल (32 वर्ष) का उसके देवर अजीत पटेल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ा तो आरोपी अजीत ने घर में रखे कुल्हाड़ी को उठाया और पूनम के ऊपर हमला कर दिया। इस हमले में पूनम लहूलुहान होकर घर के दरवाजे पर ही गिर पड़ी। इसके बाद भी हमलावर देवर नहीं रुका और कुल्हाड़ी से वार कर अपने भाभी के दाहिने पैर के निचले हिस्से को काट कर अलग कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया। गांव मे दबी जुबान से लोग चर्चा करते रहे कि आरोपी देवर अपने भाभी के बहन से शादी करने के लिए कह रहा था, लेकिन भाभी बाधा बनी थी। इससे देवर काफी नाराज चल रहा था।मृत महिला का एक पुत्र हर्ष (06 वर्ष) है। पति रेलवे ग्रुप डी का कर्मचारी है। घटना की जानकारी होते ही पति सुजीत पटेल मौके पहुंचे। रोते- बिलखते अचेत हो कर गिर गए। थोड़ी ही देर में अमनी गांव स्थित मायका पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।







