उत्तराखंड में आज मौसम खराब है। वहीं, जौलीग्रांट क्षेत्र में चले भारी तूफान के कारण सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ। तेज आंधी चलने से कई जगहों पर नुकसान की खबरें हैं। वहीं एयर इंडिया की मुंबई से आ रही उड़ान को आसमान में आधे रास्ते से ही दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया। इंडिगो की दिल्ली से आ रही उड़ान अभी भी आसमान में घूम रही है। क्षेत्र में इस सीजन का अब तक का सबसे तेज तूफान चला। तूफान के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि भी हुई। जिससे कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूट कर गिर गई। वहीं, एक मकान में पड़ोस से तूफान के साथ उड़कर आए सीमेंट के पिलर से मकान का बाथरूम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वीरभद्र में रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़
तेज आंधी के कारण योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन और वीरभद्र रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गए। आंधी के चलते ट्रैक बाधित हो गया है, जिससे इस रूट पर गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही में देरी या अस्थायी रोक लग सकती है।मौसम विभाग ने दून समेत कई जिलों में चार और पांच मई के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है जबकि प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।







