देहरादून मोटर मार्ग पर काली मंदिर के समीप ओवरटेक करने की कोशिश में दो बसें आमने-सामने भिड़ गईं, जिसकी चपेट में एक कार भी आ गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। भीषण गर्मी और जंगल क्षेत्र के बीच फंसे श्रद्धालुओं की मदद के लिए पुलिस को पानी तक मंगवाना पड़ा।देहरादून की ओर से आ रही विश्वनाथ सेवा की बस एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से तीर्थयात्रियों से भरी दूसरी बस आ गई और दोनों बसों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद पास से गुजर रही एक कार भी हादसे की चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जॉलीग्रांट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बसों में सवार दो अन्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बसों में आगरा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु सवार बताए जा रहे हैं, जो चारधाम यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया और भीषण गर्मी के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य की ओर रवाना किया। वहीं चीता पुलिस ने शहर से पानी मंगवाकर फंसे श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराया। प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गलत तरीके से ओवरटेक करना सामने आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।







